'अपनी ओछी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं', केजरीवाल पर BJP का वार, जानें पूरा मामला

By अंकित सिंह | Feb 24, 2025

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्रियों अरविंद केजरीवाल और आतिशी के इस आरोप का खंडन किया कि दिल्ली सरकार ने सीएम रेखा गुप्ता के कार्यालय से दलित आइकन बीआर अंबेडकर की तस्वीर हटा दी है, और कहा कि आम आदमी पार्टी प्रमुख घटिया राजनीति से बाज नहीं आ पाए हैं। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने एक्स पर लिखा कि रेखा गुप्ता के ऑफिस में अभी भी अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें लगी हुई हैं। 

इसे भी पढ़ें: दिल्ली में विधानसभा नई, हंगामा वही, नवगठित विधानसभा के पहले दिन दिखा बदला-बदला-सा नजारा

अमित मालवीय ने एक्स पर लिखा कि यह दिल्ली के मुख्यमंत्री का कक्ष है, जहां आज भी सभी महापुरुषों के चित्र लगे हुए हैं। शराब घोटाले के आरोपी अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री कार्यालय नहीं जा सकते, इसलिए वे भ्रम फैलाने की घटिया राजनीति का सहारा ले रहे हैं। जनता ने उन्हें इतना अपमानित किया कि हार के बाद मुंह दिखाने लायक भी नहीं बचे, लेकिन फिर भी वे अपनी ओछी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। वह केजरीवाल के ट्वीट का जबाव दे रहे थे।

केजरीवाल ने अपने एक्स पोस्ट लिखा कि दिल्ली की नई बीजेपी सरकार ने बाबा साहेब की फोटो हटाकर प्रधान मंत्री मोदी जी की फोटो लगा दी। ये सही नहीं है। इस से बाबा साहेब के करोड़ो अनुयायियों को ठेस पहुँची है। मेरी बीजेपी से प्रार्थना है। आप प्रधान मंत्री जी की फोटो लगा लीजिए लेकिन बाबा साहिब की फोटो तो मत हटाइए। आतिशी ने तस्वीरों को साझा करते हुए लिखा कि भाजपा ने अपना असली दलित विरोधी और सिख विरोधी चेहरा दिखा दिया है। दिल्ली विधान सभा के मुख्यमंत्री कार्यालय से बाबासाहेब भीम राव अंबेडकर और शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की तस्वीरें हटा दी गईं है। 

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है की यह दुर्भाग्यपूर्ण है की सत्ता में रहते भी सुश्री आतिशी मार्लेना एवं अन्य "आप" नेता विधानसभा परिसर से झूठ एवं भ्रम फैलाते थे और अब विपक्ष में आ जाने पर भी वही कुकृत्य कर रहे हैं। वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है की गत विधानसभा चुनाव में सिख बहुल क्षेत्रों एवं दलित आबादी विधानसभा क्षेत्रों में "आप" को हार का सामना करना पड़ा और उगसी से बौखलाई सुश्री आतिशी मार्लेना ने आज विधानसभा परिसर से झूठ फैलाने की कोशिश की।

इसे भी पढ़ें: BJP ने हटाईं आंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें, आतिशी का आरोप, अब CM रेखा गुप्ता ने दिया जवाब

आप के आरोपों पर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह बाबा साहब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह के पीछे अपने भ्रष्टाचार और कुकर्मों को छिपाने की उनकी रणनीति है। क्या सरकार के मुखिया की तस्वीर नहीं लगानी चाहिए? क्या देश के राष्ट्रपति की फोटो नहीं लगानी चाहिए? क्या राष्ट्रपिता गांधी जी की फोटो नहीं लगानी चाहिए? भगत सिंह और बाबा साहेब देश के सम्मानित व्यक्तित्व और हमारे मार्गदर्शक हैं। तो, यह कमरा दिल्ली के सीएम का है और सरकार के प्रमुख के रूप में, हमने उन्हें जगह दी है। उन्हें जवाब देना मेरा काम नहीं है, मैं जनता के प्रति जवाबदेह हूं।

प्रमुख खबरें

Rahul Gandhi पर Devendra Fadnavis का तीखा हमला, लगाया विदेशी साजिश का आरोप

UP Government ने कर्मचारियों को दिया दिवाली तोहफा, 30 दिन के बोनस का ऐलान

PM Modi का 21 नवंबर को Vaishali दौरा, औद्योगिक गलियारा परियोजनाओं की देंगे सौगात

Foreign Secretary Vikram Misri ने काठमांडू में नेपाल के नेता Ravi Lamichhane से की द्विपक्षीय बातचीत