By मिताली जैन | Nov 03, 2026
हल्दी पर खुले कर्ल, संगीत पर स्ट्रेट बाल, शादी वाले दिन भारी जूड़ा और अगली शाम रिसेप्शन के लिए फिर से ब्लो-ड्राई। शादी के एक सीजन में बालों पर हफ्ते भर में उतनी गर्मी पड़ जाती है, जितनी आम दिनों में महीनों में नहीं पड़ती। नतीजा होता है रूखापन, दोमुंहे बाल और कंघी करते समय टूटते बाल। यह जरूरी नहीं है कि शादी के सीजन में स्टाइलिंग के साथ समझौता किया जाए। बस जरूरत है कि आप कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में-
इसे भी पढ़ें: Beauty Tips: Natural Glow Makeup के लिए Skin Tone और कपड़ों के रंग अनुसार चुनें सही शेड्स
अगर आप स्टाइलिंग करना चाहते हैं तो ऐसे में स्ट्रेटनर हमेशा सूखे बालों पर चलाएं, उसे कम या मध्यम तापमान पर रखें और एक दिन छोड़कर से ज्यादा इस्तेमाल न करें। गीले या आधे गीले बालों पर स्ट्रेटनर चलाने की आदत सबसे ज्यादा नुकसान करती है, क्योंकि गीले बाल वैसे भी जल्दी टूटते हैं।
स्टाइलिंग से पहले हीट प्रोटेक्टेंट जरूर लगाएं। यह स्प्रे या क्रीम के रूप में आता है और स्टाइलिंग से पहले पूरे बालों पर, खासकर सिरों पर लगाया जाता है।
बाल धोने के बाद उन्हें तौलिए से रगड़ें नहीं। तौलिया या पुरानी सूती टी-शर्ट लपेटकर पानी सोख लें। ब्लो-ड्रायर से पहले बालों को कुछ देर अपने आप सूखने दें, इससे गर्मी कम देर लगेगी।
जब स्टाइलिंग करें तो कर्लिंग रॉड पर लट को बस एक-दो सेकंड ही रोकें। स्ट्रेटनर एक लट पर बार-बार चलाने के बजाय पतली लट लेकर एक बार में धीरे से चलाएं।
अगर पार्लर जा रही हैं, तो स्टाइलिस्ट से सीधे कहें कि तापमान कम रखें और पूछ लें कि हीट प्रोटेक्टेंट लगाया जा रहा है या नहीं।
जिस दिन कोई फंक्शन न हो, उस दिन बालों पर कोई हीट बेस्ड स्टाइलर न लगाएं। बाल धोने हों तो शैंपू सिर्फ स्कैल्प पर लगाएं और कंडीशनर बालों की लंबाई और सिरों पर। उलझे बाल चौड़े दांत वाली कंघी से नीचे सिरों से ऊपर की ओर सुलझाएं। रात को जूड़ा या पिन खोलकर सोएं।
अगर लगातार तीन-चार दिन फंक्शन हैं, तो हर दिन नया हीट स्टाइल करने की जरूरत नहीं। कल के कर्ल को हल्का संवारकर या ढीली चोटी बनाकर भी अच्छा लुक मिल जाता है।
- मिताली जैन