झारखंड में सरकार गिराने की हो रही कोशिश? हेमंत सोरेन बोले- हम न कभी बीजेपी से डरे थे और न डरेंगे

By अंकित सिंह | Aug 01, 2022

महाराष्ट्र के बाद अब झारखंड को लेकर राजनीति गर्म है। विपक्ष का दावा है कि झारखंड में भाजपा हेमंत सोरेन की सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है। आपको बता दें कि हाल में ही पश्चिम बंगाल के हावड़ा से झारखंड के 3 कांग्रेसी विधायकों के वाहन से भारी मात्रा में नगदी होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। इसी को लेकर कांग्रेस ने बड़ा आरोप लगा दिया है। कांग्रेस ने दावा किया है कि झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस और राजद गठबंधन की सरकार को गिराने के लिए भाजपा ने पार्टी के विधायकों को 10 करोड़ रुपये और आगे बनने वाली सरकार में मंत्री पद का लालच दिया था। इन सब के बीच अब हेमंत सोरेन का भी बयान सामने आ गया है।

भाजपा पर हमला करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि पिछले कुछ दिन में झारखंड के विधायकों के ऊपर जो प्रयास हो रहा है उससे कहा जा सकता है कि यह लोग (भाजपा) अपने नापाक इरादे में विफल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की हालत बिना पानी के मछली जैसी हो चुकी हैं। वह बिना सत्ता के एक पल नहीं रह सकते और यह देश के लोकतंत्र पर एक हमला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी देश में राजनीति की नई परिभाषा लिखने की कोशिश कर रही है। वे हमारी सरकार को भी अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। ताजा प्रकरण देखकर कहा जा सकता है कि वे अपने प्रयास में सफल नहीं हो सके। सोरेन ने हुंकार भरते हुए कहा कि यह भी उनकी गंदी राजनीति का एक चेहरा है। यह लोकतंत्र पर हमला है। हम न कभी बीजेपी से डरे थे और न कभी उनसे डरेंगे।

इसे भी पढ़ें: सोरेन सरकार गिराने के लिए 10 करोड़ और मंत्री पद का आश्वासन, कांग्रेस विधायक ने लगाए गंभीर आरोप, असम CM ने किया खंडन

भाजपा का पलटवार

वहीं, इन आरोपों को खारिज करते हुए दिल्ली में भाजपा प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने पलटवार किया कि अपने विधायकों के भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए कांग्रेस भाजपा पर दोष मढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का बड़ा से लेकर छोटा नेता तक, सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक हालिया जांच का हवाला देते हुए इस्लाम ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से संबंधित अधिकारियों को संदिग्ध भ्रष्टाचार के मामले में पकड़ा गया है और अब कांग्रेस के तीन विधायकों को भारी मात्रा में नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की सच्चाई एक बार फिर सामने आ गई है। झारखंड में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार है। राज्य सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है और झारखंड भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है।’’

प्रमुख खबरें

Sikar Travel Guide: Raksha Bandhan पर करें Jeen Mata के दर्शन, Rajasthan का यह मंदिर है भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक

एक क्लिक पर मिलेगी डाक सेवा, तकनीक के साथ जनसेवा के नए युग में प्रवेश कर रहा भारतीय डाक: ज्योतिरादित्य सिंधिया

UP Weather: पूर्वी उत्तर प्रदेश में Heavy Rain, अगले 24 घंटे भी भारी बारिश का अलर्ट

खबरों की दुनिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की चुनौती, यहां आंखों देखा और कानों सुना भी झूठ हो सकता है!