Hero MotoCorp का अगले वित्त वर्ष में राजस्व में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि का लक्ष्य

By Prabhasakshi News Desk | Feb 16, 2025

नयी दिल्ली । देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन विनिर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प नए उत्पाद और खंडों में सतत निवेश के जरिये अगले वित्त वर्ष में अपने राजस्व में दो अंकीय वृद्धि का लक्ष्य लेकर चल रही है। कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) विवेक आनंद ने यह बात कही है। दिसंबर तिमाही में कंपनी का राजस्व 10,260 करोड़ रुपये रहा है। चालू वित्त वर्ष में भी कंपनी को अपने राजस्व में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की उम्मीद है।

विश्लेषकों से बातचीत में आनंद ने कहा, ‘‘इस साल हमने राजस्व में दो अंकीय वृद्धि का अनुमान लगाया है। पहले नौ माह के प्रदर्शन और इस तिमाही (चौथी) की शुरुआत को देखते हुए हमारा मानना ​​है कि अगले साल भी ऐसा ही होगा। हम राजस्व में दो अंकीय यानी 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज करेंगे।’’ वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी की एकीकृत परिचालन आय 37,789 करोड़ रुपये रही थी, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में यह 34,158 करोड़ रुपये थी। कारोबारी परिदृश्य के बारे में उन्होंने कहा कि कंपनी नए उत्पादों और खंडों पर अपना निवेश जारी रखेगी।

आनंद ने कहा, ‘‘हम प्रीमियम और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) पोर्टफोलियो में निवेश के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके अलावा हम डिजिटल और प्रौद्योगिकी में निवेश के जरिये हीरो 2.0 और प्रीमिया तथा ऑनलाइन माध्यम से ग्राहक सेवाओं में सुधार करेंगे।’’ कंपनी हीरो 2.0 के तहत अपने कुछ मौजूदा बिक्री शोरूम का अद्यतन कर रही है। साथ ही यह प्रीमिया ब्रांड के तहत प्रीमियम शोरूम भी स्थापित कर रही है। आनंद ने कहा कि कंपनी घरेलू दोपहिया उद्योग की विकास संभावनाओं के बारे में सकारात्मक बनी हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में मांग में निरंतरता और सुधार के साथ 125 सीसी पोर्टफोलियो में वृद्धि, नए उत्पादों की पेशकश और पावर ब्रांड में निवेश के जरिये हम उद्योग से अधिक वृद्धि हासिल करने की उम्मीद कर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

श्रीगंगानगर की Central Jail में तलाशी के दौरान कैदी का हमला, जेलर हेमराज वैष्णव घायल

Titan Q2 Results: दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ दोगुना होकर 2,393 करोड़ रुपये हुआ

Mahanadi Coalfields के IPO को SEBI की हरी झंडी, Coal India बेचेगी 66 करोड़ से अधिक शेयर

Jaipal Malviya ने विश्व चैंपियनशिप में जीता सिल्वर, भारत को मिला पहला Olympic Quota