By अभिनय आकाश | Jun 23, 2026
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) राजदूत जेमिसन ग्रीर के वाणिज्य विभाग के दौरे का स्वागत किया और कहा कि उन्हें भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर "सार्थक चर्चा" की उम्मीद है। उन्होंने भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और उनके साथ आए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का भी स्वागत किया, जो चल रही बातचीत का हिस्सा हैं। एक्स पर एक पोस्ट में गोयल ने कहा कि राजदूत जेमिसन ग्रीर, राजदूत सर्जियो गोर और उनके प्रतिनिधिमंडल का हार्दिक स्वागत है। भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सार्थक चर्चा की उम्मीद है। इस बीच, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने मंगलवार को केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) राजदूत जेमिसन ग्रीर के साथ अपनी बैठक का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि चल रही बातचीत से अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने का रास्ता साफ होगा।
अमेरिका के ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जेमिसन ग्रीर मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में वाणिज्य भवन पहुँचे। वहाँ उन्होंने केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से मुलाक़ात की और एक अंतरिम समझौते तथा व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर चर्चा की।
अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव के साथ भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और एक अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रतिनिधि ग्रीर की दो दिवसीय भारत यात्रा से पहले गोर ने उम्मीद जताई। एक्स पर एक पोस्ट में, अमेरिकी दूत ने ग्रीर की यात्रा को लेकर अपनी उत्सुकता ज़ाहिर की। उन्होंने कहा कि वे राजधानी में ग्रीर का स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं, जहाँ उनकी मुलाक़ात वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तय है। ग्रीर की यह यात्रा फ्रांस के एवियन में G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई गर्मजोशी भरी मुलाक़ात के ठीक बाद हो रही है।