By अंकित सिंह | Feb 28, 2022
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन संकट को लेकर एक और बड़ी बैठक की है। पिछले 24 घंटे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह तीसरी बड़ी बैठक है। इस बैठक में यूक्रेन की ताजा हालात पर चर्चा हुई और साथ ही साथ वहां फंसे भारतीयों को कैसे निकाला जाए, इसको लेकर भी मंथन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, पीयूष गोयल ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरण रिजिजू, जनरल वीके सिंह और विदेश सचिव शामिल रहे।
जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरेन रिजिजू और वी के सिंह इस अभियान में समन्वय करने तथा छात्रों की मदद के लिए यूक्रेन के पड़ोसी देशों में जाएंगे। सिंधिया भारतीयों को यूक्रेन के निकालने के अभियान के लिए समन्वय का काम रोमानिया और मोल्दोवा से संभालेंगे, जबकि रिजिजू स्लोवाकिया जाएंगे। उन्होंने बताया कि पुरी हंगरी जाएंगे और सिंह भारतीयों को निकालने का प्रबंध करने के लिए पोलैंड जाएंगे। यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस भारत लाने और पोलैंड जाने से पहले केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि मैं पोलैंड जा रहा हूं। हम समन्वय के साथ लोगों को निकालने की चेष्टा करेंगे। प्रधानमंत्री ने संदेश दिया हैं कि लोगों को सुरक्षित निकालकर उन्हें उनके घर तक पहुंचाना है।