ट्रंप ने अपनी रैलियों में हिंसा के पीछे बताया हिलेरी का हाथ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 20, 2016

लास वेगास। राष्ट्रपति पद के रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने आज डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन पर आरोप लगाया है कि वह उनकी (ट्रंप की) रैलियों में हिंसा भड़काती हैं और उन्होंने ही उन (ट्रंप) पर यौन दुराचार का आरोप लगाने के लिए दर्जनों महिलाओं को एकजुट किया है। तीसरी और अंतिम प्रेजीडेंशियल बहस में जब मध्यस्थ क्रिस वैलेस (फॉक्स न्यूज) ने उनसे पूछा कि इतने साल बाद इतनी सारी महिलाएं चुनाव प्रचार के अंतिम हफ्तों में उनके (ट्रंप के) यौन दुराचार के किस्से क्यों बता रही हैं? इसके जवाब में ट्रंप ने कहा, ‘‘सबसे पहली बात यह है कि इन कहानियों का पर्दाफाश हो चुका है। मैं उन लोगों को नहीं जानता। मुझे लगता है कि इसके पीछे उनके (हिलेरी के) प्रचार अभियान का हाथ है।’’

 

ट्रंप ने आरोप लगाया कि हिलेरी और राष्ट्रपति बराक ओबामा लोगों को उनकी रैलियों में हिंसा करने के लिए धन दे रहे हैं। ट्रंप ने कहा, ‘‘आज की क्लिप देखकर मैं हैरान हो रहा था कि मेरी शिकागो रैली और भारी हिंसा का शिकार बनी अन्य रैलियों में हुआ क्या था? इसके पीछे उनका (हिलेरी का) और ओबामा का हाथ है। उन्होंने हिंसा करवाई। उन्होंने लोगों को नियुक्त किया। उन्हें 1500 डॉलर दिए। उनकी बात रिकॉर्ड की गई है, जिसमें वह कह रहे हैं- हिंसक हो जाओ, झगड़े करो, गलत काम करो।’’ ट्रंप ने वर्ष 2005 वाला टेप सामने आने के बाद माफी मांग ली थी। उस टेप में वह महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक बातें बोल रहे थे। हालांकि बहस के दौरान उन्होंने इन कहानियों को पूरी तरह झूठा बताया।

 

प्रमुख खबरें

जोफ्रा आर्चर की टी20 वर्ल्ड कप में वापसी: इंग्लैंड की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान

Eden Gardens टेस्ट पिच पर आईसीसी की मुहर, गुवाहाटी को मिला ‘बहुत अच्छा’ दर्जा

नाइजीरिया में जोशुआ की कार ट्रक से टकराई, दो टीम सदस्यों की मृत्यु, चैम्पियन एंथनी अस्पताल में भर्ती

Investment bankers की बम्पर कमाई: 2025 में IPO से ₹4113 करोड़ की फीस, पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा