By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 25, 2026
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को श्रीभूमि जिले में बिहू दल पर कथित हमले के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का पुलिस को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य की संस्कृति और विरासत का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरमीत सिंह ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और इस मामले में शामिल सभी लोगों को पकड़ने के लिए जांच जारी है।
शर्मा ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “बिहू असम की आत्मा, हमारा गौरव और हमारी पहचान है। हम अपनी संस्कृति और विरासत का कोई भी अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।” शर्मा, गृह विभाग का जिम्मा भी संभाल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने असम के पुलिस महानिदेशक को जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।” पुलिस महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि श्रीभूमि थाने में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया, “जांच के दौरान 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उन्हें अदालत में पेश किया गया।” सिंह ने बताया, “मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।”