By अभिनय आकाश | Sep 24, 2025
गौतम अडानी ने बुधवार को कहा कि हिंडनबर्ग रिसर्च ने सिर्फ अडानी समूह को ही नहीं, बल्कि पूरे भारत इंक को निशाना बनाया है। बंदरगाहों से लेकर बिजली तक का कारोबार करने वाले इस अरबपति समूह के संस्थापक ने बुधवार को शेयरधारकों को लिखे एक पत्र में कहा यह रिपोर्ट सिर्फ़ आपके अडानी समूह की आलोचना नहीं थी। यह वैश्विक स्तर पर सपने देखने के भारतीय उद्यमों के साहस को सीधी चुनौती थी। आपके अदानी समूह के लिए, यह एक ऐसे परीक्षण की शुरुआत थी जिसने हमारी क्षमता के हर आयाम को प्रभावित किया। इसने हमारे शासन, हमारे उद्देश्य और यहाँ तक कि इस विचार पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिया कि भारतीय कंपनियाँ पैमाने और महत्वाकांक्षा के मामले में दुनिया का नेतृत्व करने का साहस कर सकती हैं।
भविष्य की प्राथमिकताएं बताते हुए अदाणी ने कहा कि ईमानदारी और पारदर्शिता समूह की नींव बनी रहनी चाहिए। उन्होंने ऊर्जा, लॉजिस्टिक और बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में तेज नवाचार, दीर्घकालिक मूल्य निर्माण और कायांतरण पर जोर दिया। अदाणी ने कहा कि हमें आज की तालियों के लिए नहीं बल्कि आने वाले दशकों की विरासत के लिए निर्माण करना है।’’ उन्होंने कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए इस अवधि को ‘अग्निपरीक्षा’ बताते हुए कहा कि हरेक संकट बुनियाद को मजबूत करता है और संकल्पशक्ति को दृढ़ करता है। अदाणी ने कहा कि पिछले तीन साल की अवधि को कर्मचारी एक ऐसी ‘चिंगारी’ के रूप में याद रखें जो बड़े अदाणी समूह का निर्माण करे। उन्होंने अपने संदेश के आखिर में कहा, हमारी कहानी साहस, संकल्प और मातृभूमि भारत से किए गए वादे की गवाही बने। सत्यमेव जयते, जय हिंद।