By अभिनय आकाश | Oct 03, 2026
अमेरिका में ओहायो के ग्रेटर क्लीवलैंड इलाके में एक हिंदू मंदिर में ईंटें फेंककर तोड़-फोड़ की गई, जिससे इमारत को नुकसान पहुंचा और खिड़कियां टूट गईं। यह जानकारी अमेरिका में हिंदुओं के अधिकारों के लिए काम करने वाले एक संगठन ने दी। कोएलिशन ऑफ़ हिंदूज़ ऑफ़ नॉर्थ अमेरिका (CoHNA) के अनुसार, यह घटना शुक्रवार दोपहर को हुई, जब 'श्री स्वामीनारायण हिंदू मंदिर वडतालधाम' के अंदर पुजारी और कुछ भक्त मौजूद थे। हालांकि, संगठन ने यह नहीं बताया कि कोई घायल हुआ या नहीं। संगठन ने रिचमंड हाइट्स की मेयर किम थॉमस और शहर के अधिकारियों से इस घटना की निंदा करने और पुलिस से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की। संगठन ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा हम मेयर किम थॉमस और @RichmondHtsOH से ऐसी कट्टरता की निंदा करने और @PoliceRichmond से दोषी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की अपील करते हैं।