By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 01, 2026
हिंगोली, एक नवंबर महाराष्ट्र के हिंगोली में एक क्रेडिट सोसाइटी के तीन निदेशकों समेत छह लोगों के खिलाफ 61 जमाकर्ताओं से मुनाफे और बीमा सुरक्षा का वादा कर 1.69 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि वैभव फाटले नामक व्यक्ति की शिकायत पर यहां नवा मोंढा इलाके में स्थित ‘हिंगोली अर्बन निधि लिमिटेड’ के तीन निदेशकों और तीन कर्मचारियों के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार, क्रेडिट सोसाइटी ने जमा राशि पर 12 प्रतिशत ब्याज देने और तीन लाख रुपये तक के निवेश पर बीमा सुरक्षा देने का वादा किया था। इन आश्वासनों से आकर्षित होकर कई लोगों ने मई 2020 से मार्च 2024 के बीच अपनी जमा पूंजी निवेश की थी।” उन्होंने बताया कि जमा राशि की अवधि पूरी होने के बाद कंपनी पुनर्भुगतान करने में विफल रही और बाद में उसने अपना कार्यालय ही बंद कर दिया। अधिकारी ने बताया, “फाटले और अन्य निवेशकों ने इसके बाद सहकारिता विभाग से संपर्क किया, जिसने जांच में पाया कि 61 जमाकर्ताओं के साथ कथित तौर पर कुल 1,69,15,493 रुपये की धोखाधड़ी की गई है।” उन्होंने आरोपियों की पहचान हिंगोली अर्बन निधि लिमिटेड के निदेशकों जयेश खर्जुले, संतोष धुडकेकर और रोहिन खर्जुले तथा कर्मचारियों दिनेश आनेकर, सोनाली आंबेकर और अजिंक्य खर्जुले के रूप में की है।