PMCH Patna में महात्मा गांधी की स्मृतियों से जुड़ा 120 साल पुराना ऐतिहासिक भवन ढहाया गया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पीएमसीएच) परिसर में करीब 120 साल पुराने और मई 1947 में महात्मा गांधी के नगर दौरे की याद संजोये इस ऐतिहासिक अस्पताल भवन के अगले हिस्से कुछ दिन पहले ध्वस्त कर दिया गया। भवन की खूबसूरती को बढ़ाने वाले खूबसूरत धारीदार स्तंभों के खंडित हिस्से अब परिसर में बिखरे पड़े हैं। भवन के अग्रभाग को ढहाने की कार्रवाई भारत और विदेश में मनाए जाने वाले वार्षिक विश्व विरासत सप्ताह के दौरान हुई।

ऐतिहासिक इमारत के कम से कम एक हिस्से को संरक्षित रखने की कई अपीलों के बावजूद यह कार्रवाई की गई। महात्मा गांधी ने 15 मई, 1947 को इस अस्पताल का दौरा किया था, जब उनकी भतीजे की बेटी मनु गांधी का अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ था। ‘कलेक्टेड वर्क्स ऑफ महात्मा गांधी’ के अनुसार, ऑपरेशन के बाद मनु गांधी अस्पताल के वार्ड में करीब एक सप्ताह तक स्वास्थ्य लाभ कर रही थीं और गांधी लगभग रोज उनसे मिलने अस्पताल जाते थे।

मनु गांधी स्वतंत्रता आंदोलन और गांधी के जीवन के अंतिम महत्वपूर्ण वर्षों में उनकी करीबी सहयोगी रहीं। 30 जनवरी, 1948 को दिल्ली के बिड़ला हाउस में गांधी की हत्या के समय भी वह उनके साथ थीं। बिड़ला हाउस अब राष्ट्रीय स्मारक है।

आजादी से कुछ महीने पहले गांधी कलकत्ता (अब कोलकाता) से पटना पहुंचे थे। उस समय बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में सांप्रदायिक दंगे फैल गए थे। गांधी ने अपनी डायरी में मनु के ऑपरेशन का उल्लेख किया है।

पीएमसीएच की आधिकारिक वेबसाइट पर भी गांधी की इस ऐतिहासिक यात्रा का जिक्र है। भवन को ढहाने की कार्रवाई गांधी संग्रहालय, पटना की ओर से 19 नवंबर को केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय को पत्र लिखकर ऐतिहासिक अस्पताल भवन को बचाने के लिए हस्तक्षेप की मांग किए जाने के कुछ दिन बाद हुई। करीब 1904 में निर्मित यह भवन उस दौर का है, जब बिहार बंगाल प्रेसीडेंसी का हिस्सा था।

इसका संबंध गांधी और देश के स्वतंत्रता आंदोलन से रहा है। दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में भारत की मेजबानी में आयोजित एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच के समापन दिवस, 22 नवंबर को मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल से इस पत्र में की गई अपील के बारे में पूछा गया था। उन्होंने कहा था, ‘‘मैं इस पर गौर करूंगा।

मैंने अभी इसके विवरण को नहीं देखा है, लेकिन इस पर गौर करूंगा।’’ गांधी संग्रहालय के 87 वर्षीय सचिव रजी अहमद ने तीन पृष्ठों के पत्र में भवन के ऐतिहासिक और स्थापत्य महत्व को रेखांकित किया था। 1967 में स्थापित गांधी संग्रहालय ने पुराने बांकीपुर जनरल अस्पताल भवन के शेष हिस्से को संरक्षित करने की अपील की थी, जबकि इसके उत्तर और दक्षिण विंग पहले ही ढहाए जा चुके थे। अहमद ने पत्र में कहा, ‘‘हम विकसित भारत बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन क्या बिहार में बापू की कर्मभूमि से जुड़े विरासत भवन को नष्ट करके हम विकसित भारत या स्मार्ट सिटी बना सकते हैं?’’ अस्पताल के मेडिसिन वार्ड, ऐतिहासिक हथवा वार्ड और गुजरी वार्ड क्रमशः भवन के उत्तर और दक्षिण विंग में स्थित थे।

पिछले दो महीनों में इन दोनों विंग को ढहा दिया गया। हथवा वार्ड को ढहाने का काम सितंबर की शुरुआत में शुरू हुआ था। पटना के प्रसिद्ध गांधी मैदान के निकट स्थित गांधी संग्रहालय की इस अपील से पहले विरासत संरक्षण संस्था भारतीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत राष्ट्रीय न्यास ‘(इंटैक), पीएमसीएच के पूर्व छात्रों के संगठन तथा कई गांधीवादियों, विद्वानों और विरासत प्रेमियों ने भी अधिकारियों से अस्पताल भवन के शेष अग्रभाग को बचाने का आग्रह किया था।

गांधी और मनु ने शहर की यात्राओं के दौरान गांधी मैदान में प्रार्थना सभाएं भी की थीं। अस्पताल भवन का निर्माण पटना में 1874 में स्थापित टेंपल मेडिकल स्कूल के हिस्से के रूप में हुआ था। उस समय बिहार बंगाल प्रेसीडेंसी का हिस्सा था।

बाद में इस संस्थान को चिकित्सा महाविद्यालय के रूप में उन्नत किया गया और 1925 में इसका नाम प्रिंस ऑफ वेल्स चिकित्सा महाविद्यालय रखा गया। इसके साथ अस्पताल भी संबद्ध किया गया। यह तत्कालीन बिहार और ओडिशा प्रांत का पहला चिकित्सा महाविद्यालय था।

दिसंबर 1921 में पटना में प्रिंस ऑफ वेल्स के दौरे की याद में इसका नाम रखा गया था। स्वतंत्रता के कुछ दशक बाद इसका नाम बदलकर पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पीएमसीएच) कर दिया गया। महाविद्यालय का औपचारिक उद्घाटन तत्कालीन प्रांतीय गवर्नर सर हेनरी व्हीलर ने 25 फरवरी, 1927 को किया था।

महाविद्यालय का शताब्दी पुराना प्रशासनिक भवन, जहां प्राचार्य का कार्यालय है और जिसकी अंदरूनी दीवार पर एक बड़ा स्मारक पट्ट लगा है, अब परिसर में बची अंतिम ऐतिहासिक इमारतों में से एक है। इस पट्ट पर महाविद्यालय के उद्घाटन के अवसर पर तत्कालीन गवर्नर द्वारा अनावरण किए जाने का उल्लेख है। पिछले कुछ वर्षों में परिसर की कई पुरानी इमारतों की जगह ऊंची इमारतें बनाई गई हैं।

यह काम संस्थान के बड़े पुनर्विकास परियोजना के तहत किया जा रहा है। गांधीवादियों, पूर्व छात्रों, पीएमसीएच पूर्व छात्र संघ, विद्वानों और विरासत प्रेमियों ने वर्षों से बिहार सरकार से पुराने बांकीपुर जनरल अस्पताल, प्रशासनिक भवन और महिला अस्पताल भवन सहित संस्थान की कुछ ऐतिहासिक इमारतों को संरक्षित करने की मांग की थी। उनका कहना था कि ये भवन संस्थान के विकासक्रम के प्रतीक हैं।

महिला अस्पताल भवन, जिसमें पुराने जमाने की लिफ्ट थी, के अग्रभाग को 2024 की शुरुआत में करीब दो किलोमीटर लंबे डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण के लिए ढहा दिया गया था। हाल में इस भवन के शेष हिस्से को भी ध्वस्त कर दिया गया। पिछले सप्ताह जनरल अस्पताल भवन के दोनों ऐतिहासिक विंग के बीच स्थित पुरानी सीढ़ियों वाली लॉबी को भी ध्वस्त कर दिया गया।

इस लॉबी में ब्रिटिश काल की एक पुरानी, हालांकि अब बंद पड़ी, लिफ्ट भी थी। दोनों विंग को भवन के अग्रभाग से जोड़ने वाला सेतु भी तोड़ दिया गया।

प्रमुख खबरें

संसद की विशेष बैठक Delimitation आगे बढ़ाने की चाल, हिमाचल के मंत्री Chander Kumar का आरोप

IBM का बड़ा फैसला: Consulting Division में अधिकांश पदों के लिए US वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद, भारतीय कर्मचारियों पर गहरा असर

Wedding फंक्शन में चार चांद लगा देंगे ये 7 खूबसूरत Peacock Bangles

Baingan Recipe: रोजाना वाले बैंगन को भूल जाएंगे, एक बार ट्राई करें स्पेशल रेसिपी