इतिहास वही बनाता है जो इतिहास को याद रखता है: गहलोत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 04, 2022

जयपुर| राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि इतिहास वही बनाता है जो इतिहास को याद रखता है।

गहलोत ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की उनके बजटीय फैसले पर विपक्ष द्वारा सवाल उठाए जाने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हम निर्णय करते हैं, इतिहास बनता है, इतिहास बनाना सीखना चाहिए। और इतिहास वही बनाता है जो पहले वाले इतिहास को लेकर गंभीर होता है, उसकी सराहना करता है।मोदी जी की तरह नहीं ... 70 साल में कुछ नहीं हुआ है? 70 साल के इतिहास को आप भुला देंगे, चाहे पाकिस्तान के दो टुकड़े हो गए हों, बांग्लादेश बन गया हो। विज्ञान व तकनीक में देश पता नहीं कहां पहुंच गया।’’

गहलोत ने कहा,‘‘आप इतिहास को भुलाओगे तो फिर आप इतिहास बना नहीं पाओगे। इतिहास वही बनाता है जो इतिहास को याद रखता है उसकी सराहना करता है।’’

वहीं इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना की बजटीय घोषणा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी इसे अपनाए चाहे वह भले ही इसका नाम कुछ और रख ले, कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘इंदिरा जी का नाम तो क्या रखेंगे? आप जानते हो मोदी जी को। मोदी जी, मोदी जी हैं। 70 साल में क्या हुआ? हम कांग्रेस मुक्त भारत कर देंगे। .... कांग्रेस मुक्त भारत कभी नहीं होगा, कहने वाले मुक्त हो सकते हैं, कांग्रेस तो रहेगी देश में।’’

उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की चर्चा पूरे देश में है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही भावुक व मानवीय दृष्टिकोण का मामला है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने सोच समझ कर कदम उठाया है तभी उसका स्वागत हो रहा है।’’

गहलोत ने राज्य बजट में 1 जनवरी 2004 एवं इसके बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए नई पेंशन योजना (एनपीएस) के स्थान पर पुरानी पेंशन योजना लागू करने की घोषणा की। इसका राज्य भर के कर्मचारियों द्वारा स्वागत किया जा रहा है।

प्रमुख खबरें

CM Nayab Singh Saini के गुजरात दौरे में Haryana को मिले 12000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव

UP Legislative Council Polls: मेरठ में BJP के Dinesh Goyal और श्रीचंद शर्मा जीते

PM Modi और लिकटेंस्टाइन के युवराज Alois के बीच द्विपक्षीय सहयोग पर वार्ता

वर्ष 2029 में भी Narendra Modi के नेतृत्व में बनेगी राजग सरकार: JP Nadda