निश्चित तौर पर मनमोहन सिंह का दयालुता के साथ मूल्यांकन करेगा इतिहास: खरगे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 27, 2024

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर बृहस्पतिवार को शोक जताया और कहा कि निश्चित तौर पर इतिहास दयालुता के साथ उनका मूल्यांकन करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने एक दूरदर्शी राजनेता, बेदाग नेता और अद्वितीय अर्थशास्त्री खो दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘आर्थिक उदारीकरण और अधिकार-आधारित उनकी नीति ने करोड़ों भारतीय नागरिकों के जीवन को गहराई से बदल दिया, वस्तुतः भारत में एक मध्यम वर्ग का निर्माण किया और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला।’’

खरगे ने कहा, ‘‘मैं एक वरिष्ठ सहकर्मी, एक सौम्य बुद्धिजीवी और एक विनम्र व्यक्ति के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं, जिन्होंने भारत की आकांक्षाओं को मूर्त रूप दिया, जो अटूट समर्पण के साथ आगे बढ़े।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे श्रम मंत्री, रेल मंत्री और समाज कल्याण मंत्री के रूप में उनके मंत्रिमंडल का हिस्सा होने पर गर्व है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘शब्दों के बजाय काम करने वाले व्यक्ति, राष्ट्र निर्माण में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा भारतीय इतिहास में अंकित रहेगा। दुख की इस घड़ी में, मैं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। उन्हें इस भारी नुकसान से उबरने की शक्ति मिले।’’

उनका कहना था कि भारत के विकास, कल्याण और समावेशिता की नीतियों को आगे बढ़ाने की उनकी स्थायी विरासत को हमेशा संजोकर रखा जाएगा। खरगे ने कहा, ‘‘उनकी आत्मा को शांति मिले।

प्रमुख खबरें

सूखे के बीच Maharashtra Government ने पौधारोपण देखरेख के लिए 90.72 लाख रुपये मंजूर किए

Jammu Kashmir में आतंकी फंडिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़, 10 OGW गिरफ्तार

Health Tips: Stroke से बचना है तो Diet में करें बदलाव, BP और Cholesterol रहेगा कंट्रोल

आप अंतिम उम्मीद...राहुल ने रद्द नहीं की रैली, व्यापारी पहुंचे सोनिया गांधी के पास