By अभिनय आकाश | Nov 20, 2026
बांग्लादेश में एक बार फिर से भड़की हिंसा लगातार खतरनाक रूप लेती जा रही है। खासकर जैसे-जैसे बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना की वतन वापसी की तारीख नजदीक आती जा रही है, वैसे ही यह हालात और बिगड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। हसीना की पार्टी ने पहली बार पूरे बांग्लादेश में अपने दम पर लॉकडाउन लगा डाला और तारिक रहमान सरकार को खुलेआम उखाड़ने का ऐलान किया जा रहा है। पहले तो सड़कों पर उतरी भीड़ पुलिस और फ़ से भिड़ रही थी। लेकिन अब उसने पीएम तारिक रहमान के करीबी नेताओं और मंत्रियों पर हमले करने शुरू कर दिए हैं। लगातार अलग-अलग जगह पर बम धमाके हो रहे हैं। बस गाड़ियों को फूंका जा रहा है। बेकाबू भीड़ पुलिस और सेना के जवानों को दौड़ा रही है। कुछ घंटे पहले ही एक बीएनपी सांसद और मोहम्मद यूनुस के घर को भीड़ ने फूंक डाला था। वहीं मोहम्मद यूनुस जिन्होंने हसीना के तख्ता पलट के बाद कट्टरपंथियों की जमात को हिंदुओं के घरों को जलाने के लिए खुली छूट दे दी थी। मगर अब भीड़ उनके घर को जला रही है। गौर करने वाली बात तो यह है कि इन दंगों को भड़काने में जिस हसीना की पार्टी के कार्यकर्ताओं पर आरोप लग रहा है।
वो नेताओं को ज्यादा टारगेट कर रहे हैं जो भारत विरोधी रहे हैं या फिर तख्ता पलट के बाद सबसे ज्यादा भारत को धमकियां देते हुए नया माहौल खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे। अब भीड़ ने ऐसे ही एक बड़े नेता को टारगेट पर लेते हुए उसके घर में आग लगा दी है। खबर है कि विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के घर के बाहर आग लगाने की घटना सामने आई है। आधी रात कुछ लोगों ने उनके घर के मुख्य गेट के सामने कपड़ों में आग लगा दी। जिसके बाद किसी भी तरह से आग पर काबू पा लिया गया। इस मकान में हुमायूं कबीर के चाचा और परिवार के दूसरे सदस्य भी रहते हैं। विदेश राज्य मंत्री जब सिलहट आते हैं तो इसी घर में ठहरते हैं। घटना के समय वह वहां मौजूद नहीं थे। हुमायूं कबीर भारत के खिलाफ बयानबाजी और धमकियों को लेकर काफी विवादों में रहे हैं। भारत की ओर से भी उनका कई बार तगड़ा जवाब मिल चुका है। जब हाल ही में बॉर्डर पर भारत की ओर से बाढ़ लगाने का काम चल रहा था तो हुमायूं कबीर ने भड़काऊ बयान देते हुए कहा था कि अब बांग्लादेश को कटीली तारों की बाढ़ से डराने की गुंजाइश नहीं है।
अब इसी हुमायूं कबीर को बांग्लादेश में सबक सिखाया जा रहा है। दरअसल पिछले छ दिनों में बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर हिंसा जारी है। जिसमें आगजनी, देसी बम विस्फोट, तोड़फोड़, सड़कें जाम करना और झड़पें शामिल है। इस दौरान कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल भी हो गए। तो वहीं गोपालगंज में सत्तारूढ़ बीएनपी के दो सांसदों के घरों में जलाया गया है। तो वहीं बीएपी के कार्यकर्ता और हसीना की पार्टियों के नेताओं के बीच कई झड़पों की खबरें सामने आई है। इस दौरान एक दूसरे पर लाठी डंडे चलाने और पेट्रोल बम फेंकने की घटना देखने को मिली है।