Bhojpur Police ने 45 लोगों पर FIR के बाद कलाकारों से की भोजपुरी गीतों में हिंसा न दिखाने की अपील

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भोजपुर में गायकों समेत 45 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने कलाकारों से गीतों में अवैध हथियारों और जातिगत नफरत के महिमामंडन से बचने का आग्रह किया है। अधिकारियों ने युवाओं पर पड़ रहे नकारात्मक असर को लेकर चिंता जताते हुए सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखने की सलाह दी। साइबर थाना ‘ऑपरेशन डिस्ट्रैक्टेड साउंड’ के तहत ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों पर कार्रवाई कर रहा है।

भोजपुरी गायकों समेत 45 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बीच भोजपुर पुलिस ने शुक्रवार को गायकों, गीतकारों, संगीतकारों, स्टूडियो संचालकों और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर से भोजपुरी गीतों एवं ऑनलाइन सामग्री में हिंसा, अवैध हथियारों, रंगदारी और जातिगत नफरत का महिमामंडन करने से बचने की अपील की। पुलिस ने चेतावनी दी कि इस तरह की सामग्री युवाओं को प्रभावित कर सकती है और उन्हें अपराध की ओर धकेल सकती है। भोजपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्रमुख भोजपुरी गायकों समेत 45 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

इन लोगों पर भोजपुरी गीतों और सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से जातीय वर्चस्व को बढ़ावा देने, हथियारों का प्रदर्शन करने, धमकी देने तथा हिंसा एवं रंगदारी का महिमामंडन करने का आरोप है। पुलिस ने शुक्रवार को जारी अपनी अपील में स्वतंत्रता सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह और प्रख्यात लोक गायिका शारदा सिन्हा की विरासत का उल्लेख करते हुए कलाकारों से भोजपुरी संगीत की सांस्कृतिक समृद्धि और गरिमा बनाए रखने का आग्रह किया। उसने कलाकारों से अभद्र भाषा का उपयोग नहीं करने की भी अपील की।

पुलिस ने 20 से 26 वर्ष आयु वर्ग के कुछ युवाओं के बीच गैंगस्टर जैसी ऑनलाइन छवि और अवैध हथियारों के प्रति बढ़ते आकर्षण पर चिंता जताई। पुलिस ने कलाकारों से शारदा सिन्हा, भिखारी ठाकुर, महेंद्र मिसिर और उस्ताद बिस्मिल्लाह खान जैसी सांस्कृतिक विभूतियों से प्रेरणा लेने तथा भोजपुरी भाषा की समृद्ध साहित्यिक एवं संगीत विरासत को बढ़ावा देने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने का आग्रह किया। पुलिस ने कहा कि अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने, जातिगत वैमनस्य को बढ़ावा देने या अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी सोशल मीडिया सामग्री के खिलाफ वह ‘ऑपरेशन डिस्ट्रैक्टेड साउंड’ के तहत अपने साइबर थाने के माध्यम से सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़