By अभिनय आकाश | Apr 04, 2025
1997 की बात है मिस यूएसए रह चुकी एक लड़की ने अमेरिकी अदालत में एक केस दायर किया। लड़की के मुताबिक उसे एशिया के एक सुल्तान ने काम का ऑफर दिया और इस बहाने अपने महल में कैद कर लिया। लड़की का कहना था कि सुल्तान के 1788 कमरों वाले महल एक कमरे में उसे 32 दिनों तक बंदी बनाकर रखा गया। उसे ड्रग्स दिए गए। उसका यौन शोषण किया गया। लड़की के अनुसार ये केवल उसके साथ ही नहीं बल्कि एक पूर्व यूएसए के साथ भी ऐसा ही सलूक हुआ था। ये मामला अदालत में पहुंचा तो सही लेकिन कोर्ट ने मामले को ये कहते हुए रद्द कर दिया कि सुल्तान को हेड ऑफ स्टेट होने के चलते सॉवरेन इम्युनिटी हासिल होती है। इसलिए उनके खिलाफ केस नहीं हो सकता। इस पूरे प्रकरण में जिसका का नाम आया था वो ईस्ट एशिया के एक छोटे से देश का सुल्तान है। ब्रुनेई के सुल्तान दुनिया के सबसे अमीर लोगों में से एक हैं। भारत के प्रधानमंत्री पिछले साल सितंबर के महीने में ब्रुनेई के सुल्तान हसनल बोलकिया के निवास 'इस्ताना नुरुल ईमान' का दौरा भी किया था। दुनिया का सबसे बड़ा महल विलासिता का प्रतीक है, जो 2 मिलियन वर्ग फुट में फैला है और इसमें 1,700 कमरे और 22 कैरेट सोने का गुंबद है। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के बाद दुनिया में दूसरे सबसे लंबे समय तक राज करने वाले सम्राट बोल्किया की कथित तौर पर कुल संपत्ति 30 अरब डॉलर है। ब्रुनेई तेल और प्राकृतिक गैस भंडार से समृद्ध है।
ब्रुनेई दक्षिण पूर्व एशिया का एक छोटा सा देश है। यह बोर्नियो द्वीप के उत्तरी तट पर स्थित है। दक्षिण चीन सागर इसके उत्तर में स्थित है और मलेशियाई राज्य सारावाक इसके पूर्व, पश्चिम और दक्षिण में है। ब्रुनेई 1888 से ब्रिटिश संरक्षित राज्य था। 1963 में यह एकमात्र मलय राज्य था जो मलेशिया में शामिल नहीं हुआ। ब्रुनेई को 1984 में स्वतंत्रता मिली। यह राष्ट्रमंडल और दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) का सदस्य है। ब्रुनेई के सुल्तान के पास 30 रॉयल बंगाल टाइगर हैं। जबकि सुल्तान ने तीन शादियां की हैं।
7,000 लग्जरी कारों का कलेक्शन
आपको जानकर हैरानी होगी कि सुल्तान हसनल बोलकिया के पास 7,000 लग्जरी कारों का कलेक्शन है, जिसकी कीमत करीब 341 अरब रुपये आंकी जाती है। 5 अक्टूबर 1967 को हसन ऑल बोकैया इब्नी उमर अली सैफुद्दीन III ब्रुनेई की गद्दी पर बैठे। पूरी दुनिया उन्हें 'हसन ऑल बोकैया' के नाम से जानती है। हाल ही में उनकी बेटी राजकुमारी फादजीला लुबाबुल बोल्किया की शादी हुई है। बोल्किया की बेटी की शादी के भव्य कार्यक्रम सात दिनों तक जारी रहे। एक मीडिया रिपोर्ट में ये भी दाला किया गया है कि वो अपने बाल कटवाने के लिए 15 लाख रुपये तक खर्च करता है।