By शुभव यादव | Aug 19, 2020
वर्तमान में माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के सीईओ के पद पर कार्यरत सत्य नडेला भारतीय-अमेरिकी मूल का एक ऐसा नाम हैं, जिन्होंने भारत का नाम विश्व में रोशन किया है। किसी भी भारतीय के द्वारा माइक्रोसॉफ्ट जैसी मल्टीनेशनल कंपनी का कार्यकारी अधिकारी का पद संभालना वाकई बहुत बड़ी उपलब्धि है, जो केवल व्यक्तिगत ही नहीं बल्कि राष्ट्र के लिए गौरव की बात है। हालांकि सत्य नडेला अब अमेरिका की नागरिकता रखते हैं।
सत्य नडेला माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के सीईओ का पद संभाला, उसके पहले केवल दो लोग ही माइक्रोसॉफ्ट मल्टीनेशनल कंपनी के सीईओ रहे हैं, जिनमें सत्य नडेला के पहले स्टीव बामर माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के सीईओ के पद पर कार्यरत थे। स्टीव बामर के स्थान पर ही टेक्नोलॉजी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट का सीईओ सत्य नडेला को बनाया गया।
वहीं माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के संस्थापक बिल गेट्स इस कंपनी के पहले सीईओ रहे हैं।
सत्य नडेला का प्रारंभिक जीवन
सत्य नडेला का जन्म 19 अगस्त 1967 को पिता बुक्कापुरम नडेला युगांधर के यहां हैदराबाद के एक तेलुगु परिवार में हुआ। सत्य का पूरा नाम सत्य नारायण नडेला है। सत्य नडेला के पिता भारतीय प्रशासनिक सेवा में एक अधिकारी के रूप में कार्यरत थे। हैदराबाद से स्कूली शिक्षा ग्रहण करने के बाद सत्य नडेला ने मणिपाल इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रिकल ट्रेड से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की।
सत्य नडेला की शिक्षा
इसके बाद साल 1988 में सत्य नडेला ने अमेरिका का रुख किया इन्होंने अमेरिका जाकर विस्कॉन्सिन यूनिवर्सिटी शिकागो से कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स किया। सत्य नडेला ने शिकागो यूनिवर्सिटी से ही स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से एमबीए की पढ़ाई भी की है।
सत्य नडेला का कॅरियर
कुछ समय तक सन माइक्रोसिस्टम्स में काम करने के बाद सन् 1992 में माइक्रोसॉफ्ट कंपनी में नौकरी की शुरुआत करते हुए आज भी वह माइक्रोसॉफ्ट से ही जुड़े हुए हैं। शुरुआत में माइक्रोसॉफ्ट कंपनी में सर्वर ग्रुप के साथ काम करने के बाद उन्हें ऑनलाइन सर्विस, एडवरटाइजिंग प्लेटफॉर्म्स और सॉफ्टवेयर जैसे कई तरह के फील्ड में काम करने का मौका मिला। लगातार बेहतर काम करने के बाद प्रमोशन के तौर पर सत्य नडेला को सर्वर फील्ड का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया कुछ समय बाद माइक्रोसॉफ्ट 'क्लाउड एंड स्टोरेज' डिवीजन के प्रमुख के रूप में काम किया।
माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के द्वारा प्रदान की जाने वाली ऑनलाइन सर्विस के वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्य करने के बाद बिजनेस डिवीजन में भी सत्य नडेला ने प्रमुख भूमिका निभाई। इसके बाद माइक्रोसॉफ्ट द्वारा 'सर्विस एंड टूल' बिजनेस का प्रमुख सत्य नडेला को बनाया गया, जिसमें बेहद शानदार काम करने के साथ ही सत्य ने सर्वर एंड टूल के डिवीजन में अहम बदलाव किया।
सत्य नडेला भले ही वर्तमान में अमेरिका की नागरिकता रखते हैं, लेकिन सत्य ने अपना शुरुआती जीवन और बुनियादी शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा भी भारत में प्राप्त की है इसके बाद उन्होंने अमेरिका जाकर तकनीकी क्षेत्र में और अधिक शिक्षा ग्रहण कर माइक्रोसॉफ्ट कंपनी से जुड़े।
सत्य नडेला की पत्नी और बच्चे
जब 1992 में माइक्रोसॉफ्ट मल्टीनेशनल कंपनी में सत्य नडेला को नौकरी मिल गई तो उन्होंने अपने पिता के दोस्त की बेटी से शादी कि जिनका नाम अनुपमा है, अनुपमा सत्य नडेला की बचपन की दोस्त भी हैं। सत्य नडेला और अनुपमा को दो बेटियां और एक बेटा भी है।
सत्य नडेला के लिए खास पल जब माइक्रोसॉफ्ट कंपनी में प्रमुख पद मिले
2007 में माइक्रोसॉफ्ट ऑनलाइन सर्विस विभाग में वाइस प्रेसिडेंट बने।
साल 2011 से 2014 'सर्वर एंड टूल' विभाग के प्रमुख बनाए गए।
माइक्रोसॉफ्ट के बिजनेस डिवीजन में वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर काम करने का मौका मिला।
बिजनेस सॉल्यूशन, विज्ञापन एवं खोज संबंधी कॉर्पोरेट में प्रमुख बनाए गए।
इसके बाद क्लाउड और स्टोरेज विभाग के प्रमुख अधिकारी बनाया गया।
साल 2014 में माइक्रोसॉफ्ट मल्टीनेशनल कंपनी ने स्टीव बामर को हटाकर सत्य नडेला को सीईओ बनाया गया।
सत्य नडेला द्वारा लगातार माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के साथ मिलकर काम करना
28 सालों से माइक्रोसॉफ्ट से जुड़े सत्य नडेला ने लगातार माइक्रोसॉफ्ट कंपनी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण कदम उठाए, जिसकी वजह से उन्हें माइक्रोसॉफ्ट कंपनी का सीईओ चुना गया। आपको बताते चलें कि माइक्रोसॉफ्ट कॉरपोरेशन अमेरिका के वाशिंगटन और रेडमंड में स्थित मुख्यालय के द्वारा चलाई जा रही बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी है, जो कंप्यूटर सॉफ्टवेयर, उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स, पर्सनल कंप्यूटर और समस्त संबंधित सेवाओं के विकास, निर्माण, लाइसेंस, समर्थन और बिक्री करती है।
सत्य नडेला का सैलरी पैकेज
सत्य नडेला को माइक्रोसॉफ्ट मल्टीनेशनल कंपनी के सीईओ के तौर पर सालाना 12 लाख डॉलर के करीब सैलरी पैकेज मिलेगा जैसा कि अनुमानित है कि सभी मुनाफे मिलाकर इस पैकेज में इजाफा भी होगा। पिछले माइक्रोसॉफ्ट सीईओ स्टीव बामर से 70 गुना ज्यादा सैलरी पैकेज सत्य नडेला को मिलता है।
सत्य नडेला को सीखते रहने की भूख
माइक्रो कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाए जाने के बाद उन्होंने अपने माइक्रोसॉफ्ट कर्मचारियों को एक मेल लिखते हुए बताया था कि मुझ में लगातार सीखते रहने की भूख है, जानने की जिज्ञासा और किताबें पढ़ने का बेहद शौक है। उन्होंने बताया नई चीजों को लगातार सीखते रहने के लिए मैं हमेशा आकांक्षी रहता हूं।
- शुभव यादव