ठाणे में जिम ट्रेनर के पास से प्रतिबंधित रासायनिक इंजेक्शनों का बड़ा जखीरा बरामद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 31, 2025

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक जिम ट्रेनर के पास से रक्तचाप बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले प्रतिबंधित रासायनिक इंजेक्शनों का बड़ा जखीरा जब्त किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि उसने मेफेन्टरमाइन सल्फेट इंजेक्शन की 290 बोतलें ज़ब्त कीं। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सलील भोसले ने जानकारी दी कि यह शेड्यूल-एच श्रेणी की दवा है, जिसे केवल पंजीकृत चिकित्सक के पर्चे पर ही बेचा जा सकता है।

शेड्यूल एच भारत में दवाओं की एक सूची है जिसे केवल चिकित्सक के पर्चे के साथ ही बेचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए रासायनिक इंजेक्शनों की कीमत 1,07,604 रुपये आंकी गई है।

अधिकारी ने बताया, ‘‘यह दवा सामान्यतः रक्तचाप को नियंत्रित करने के लिए चिकित्सकीय पर्यवेक्षण में दी जाती है, लेकिन हाल के वर्षों में बॉडी बिल्डरों द्वारा इसे प्रदर्शन क्षमता बढ़ाने और उत्तेजना के लिए दुरुपयोग किया जाने लगा है। बिना निगरानी के इसका इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।’’

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दवा न केवल अवैध रूप से आयात की गई थी, बल्कि बिना किसी चिकित्सकीय निगरानी के बेची जा रही थी। उन्होंने बताया कि जिम ट्रेनर को हिरासत में लिया गया और भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 के तहत (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्यों से संबंधित है) और साथ ही औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई।

प्रमुख खबरें

Mumbai BKC Mall में फर्जी PMO आईडी और हथियार के साथ घुसे छात्र को कोर्ट से मिली जमानत

DRI ने देश भर में कार्रवाई कर 845 किलोग्राम Drugs पकड़ी, 15 तस्कर अरेस्ट

CID पूछताछ के दौरान TMC MLA परेश राम दास की तबीयत बिगड़ी, SSKM अस्पताल में भर्ती

Islamic State साजिश मामले में NIA अदालत ने हुजैर फरहान बेग को सुनाई 6 साल की सजा