By रेनू तिवारी | Mar 15, 2026
हैदराबाद के मोइनाबाद स्थित एक फार्महाउस में चल रही हाई-प्रोफाइल पार्टी पर पुलिस और टास्क फोर्स की छापेमारी ने दक्षिण भारत की राजनीति में तूफान ला दिया है। इस मामले में तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के सांसद पुट्टा महेश कुमार और भारत राष्ट्र समिति (BRS) के पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी सहित छह लोगों को नशीले पदार्थों के सेवन के आरोप में हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। हैदराबाद के पास मोइनाबाद स्थित रोहित रेड्डी के स्वामित्व वाले एक फार्महाउस में नशीले पदार्थों का इस्तेमाल किए जाने की विश्वसनीय सूचना मिलने पर मादक पदार्थ कानून प्रवर्तन के लिए विशिष्ट कार्य बल (ईगल) ने स्थानीय पुलिस दलों के साथ समन्वय कर शनिवार रात वहां छापा मारा।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सांसद की प्रारंभिक जांच में उनके मादक पदार्थ लेने की पुष्टि नहीं हुई थी लेकिन खून की जांच में इसकी पुष्टि हो गई।’’ यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि उन्होंने मादक पदार्थों का सेवन फार्महाउस परिसर में किया था या किसी अन्य स्थान पर किया था। अधिकारी ने बताया कि पार्टी से दो ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया है और उसे फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस पार्टी में रियल एस्टेट कारोबारियों, व्यवसायियों तथा राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों का एक समूह शामिल हुआ था। पार्टी में शामिल लोगों में एक महिला भी शामिल थी। पुलिस ने बताया कि हथियार को जब्त कर लिया गया है।