By अनुराग गुप्ता | Feb 04, 2022
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों के चलते सियासी घमासान तेज़ हो चुका है। इस बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने बाराबंकी में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सपा समर्थकों ने अखिलेश यादव के नारे लगाए जिसको लेकर अपर्णा यादव भड़क गईं। उन्होंने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार में सपा की गुंडे जान की भीख मांग रहे हैं।
अपर्णा यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह नेताजी मुलायम सिंह यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद दिया था और वह (मोदी) एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री बने। उसी तरह जनता भाजपा को आशीर्वाद दे जिससे उत्तर प्रदेश में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार बने।