किसी भी समस्या का समाधान कर सकता हूं, भारत और पाकिस्तान को एक साथ ले आऊंगा: ट्रंप

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 13, 2025

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को कहा कि कश्मीर को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से दुश्मनी रही है और वह दोनों देशों को एक साथ ले आएंगे। ट्रंप ने दावा किया कि वह “किसी भी समस्या का समाधान कर सकते हैं।”

भारत लगातार यह कहता रहा है कि कश्मीर एक द्विपक्षीय मुद्दा है और इसमें किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता की कोई गुंजाइश नहीं है। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने दोनों देशों से पूछा कि यह दुश्मनी कब से चली आ रही है, तो “उन्होंने कहा “2,000 साल” से, जिस पर उन्होंने (ट्रंप ने) मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “ओह, यह एक बड़ी समस्या है।”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने “फोन पर बातचीत और व्यापार के जरिये” भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने का अपना दावा दोहराया। उन्होंने कहा, “मैंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोका, मैंने इसे व्यापार के जरिये रोका। मुझे नहीं लगता कि मैंने इसके बारे में कभी कोई खबर लिखी हुई देखी है, लेकिन यह बहुत, बहुत बढ़िया था। वे तैयारी कर रहे थे।”

ट्रंप ने कहा कि हमला करने की बारी पाकिस्तान की थी और अंततः वे परमाणु हथियारों का रुख करते। उन्होंने कहा, “लेकिन मैंने इसे रोक दिया। मैंने दोनों से बात की, मैं दोनों देशों के नेताओं का बहुत सम्मान करता हूं। मैं उन्हें जानता हूं और मैंने उनसे बात की। मैंने व्यापार के बारे में बात की।”

ट्रंप ने कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के नेताओं से कहा कि “अगर आप युद्ध में उलझेंगे, एक-दूसरे पर परमाणु हथियार दागेंगे”, तो आप अमेरिका के साथ व्यापार नहीं कर पाएंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “मैंने यह बात उन दोनों (भारत और पाकिस्तान के नेताओं) से कही। उन्होंने मेरी बात को बखूबी समझ लिया और (संघर्ष) रोक दिया। मैंने फोन पर बातचीत और व्यापार के जरिये उस युद्ध को रोक दिया।

प्रमुख खबरें

NIA कोर्ट ने PFI के 4 सदस्यों को शशिकुमार मर्डर केस में सुनाई उम्रकैद

AIIMS Nagpur: सुरक्षा के आश्वासन के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म

Odisha School Textbooks में मिलीं 1741 गलतियां, सरकार ने पूर्व निदेशक सहित चार को किया निलंबित

S Jaishankar ने नाविकों पर हमलों को बताया अस्वीकार्य, Liberia के साथ मिलकर बनाया मित्र समूह