By Prabhasakshi News Desk | Mar 08, 2025
नयी दिल्ली । अभिनेता आमिर खान ने कहा कि फिल्म ‘लगान’ को बनाने में उनके मन में डर था क्यूंकि पटकथा लेखक जावेद अख्तर सहित कई लोगों ने फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर असफल होने की आशंका जताई थी। ‘लगान’ में एक ऐसे ग्रामीण व्यक्ति की कहानी है जो तीन गुना कर चुकाने से बचने के लिए अंग्रेजों को क्रिकेट में हराने के मकसद से क्रिकेट की एक टीम तैयार करता है। इस फिल्म को ‘ऑस्कर’ के लिए नामित किया गया था। ‘इंडिया टुडे कॉन्क्लेव’ में शुक्रवार को आमिर ने उस समय को याद किया जब निर्देशक आशुतोष गोवारिकर ने फिल्म के लिए उनसे संपर्क किया था।
आमिर ने कहा, ‘‘ फिल्म में एक लाइन थी ‘हमने कौनो गलती तो नाही की?’ मैं और गोवारिकर पूरे फिल्म निर्माण के दौरान हंसी मजाक में यही पंक्ति एक दूसरे से कहते थे कि ‘हमने कौनो गलती तो नाही की?’’’ उन्होंने कहा, ‘‘ लगान की पूरी यात्रा बहुत रोमांचक थी क्योंकि मुझे हमेशा इसकी कहानी पर विश्वास था... लेकिन मुझे याद है कि फिल्म के लिए हां कहने से पहले मैं बहुत डरा हुआ था। आप सब सोचते हैं कि मैं जोखिम उठाता हूं और मैं बहुत बहादुर हूं। मैं जोखिम उठाता तो हूं लेकिन उतना ही डरता भी हूं लेकिन उसी से प्रेरणा भी लेता हूं।