सीतापुर जेल से रिहा हुए आजम खान के बेटे अब्दुल्ला, बोले- मैं चुनाव लडूंगा भी और जीतूंगा भी

By अनुराग गुप्ता | Jan 15, 2022

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम की शनिवार को जेल से रिहाई हो गई। आपको बता दें कि अब्दुल्ला आजम को 43 मुकदमों में जमानत मिली है और सीतापुर की जेल से रिहा होने के बाद ही उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कही है। उन्होंने कहा कि मैं चुनाव लडूंगा भी और जीतूंगा भी। इस बार अखिलेश यादव 200 फीसदी मुख्यमंत्री बनेंगे। 

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जेल से रिहा होने के बाद अब्दुल्ला आजम ने कहा कि मैं चुनाव लडूंगा भी और जीतूंगा भी, आजम खान 9 बार विधायक रहे हैं और वे ऐसे मुकदमें में जेल में बंद है, जिसमें 8 लोगों को अग्रिम जमानत मिल गई है। इस बार अखिलेश जी 200 फीसदी मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि आजम खान 2020 से सीतापुर की जेल में बंद हैं और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। मैं चाहता हूं कि अदालतें न्याय दें।

23 महीने बाद जेल से बाहर आए अब्दुल्ला

अब्दुल्ला आजम करीब 23 महीने बाद जेल से बाहर आए हैं। ऐसे में पिता की गैरहाजिरी में अब्दुल्ला आजम चुनावी मोर्चा संभालने वाले हैं। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें स्वार विधानसभा से अपना उम्मीदवार बनाएगी। पिछली चुनाव में उन्होंने इसी सीट से जीत दर्ज की थी लेकिन उनकी विधायकी रद्द हो गई थी। 

इसे भी पढ़ें: अखिलेश यादव के साथ किसी तरह का कोई गठबंधन नहीं, दलितों का किया अपमान: भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर 

अब्दुल्ला आजम का निर्वाचन हुआ था रद्द

रामपुर जिले की स्वार विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के अब्दुल्ला आजम ने साल 2017 का चुनाव लड़ा था और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 53 हजार वोट से मात दे दी थी। जिसके बाद बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले नवाब काजिम अली खान ने उम्र विवाद को लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। जिसके बाद उनके दो जन्म प्रमाण पत्र और दो पैन कार्ड से जुड़े मामले की जांच हुई और फिर हाई कोर्ट ने अब्दुल्ला आजम का निर्वाचन रद्द कर दिया था। जिसके बाद से यह सीट खाली है। माना जा रहा है कि 3 लाख मतदाता वाली इस सीट पर सपा, भाजपा और बसपा के बीच में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।

प्रमुख खबरें

Russian Army में शामिल Surat के रमणीक सखवाला 4 महीने से लापता, परिवार परेशान

Cabinet ने Fast Track Special Courts योजना 5 साल बढ़ाई, PM Modi बोले- त्वरित न्याय मिलेगा

UP में अब कालीन नहीं बिछाएगा ‘अब्दुल’, नेता बनेगा: AIMIM प्रमुख Asaduddin Owaisi

ओडिशा के Koraput में दिखा Royal Bengal Tiger, वन विभाग ने ग्रामीणों को किया अलर्ट