उपचुनाव में ‘AAP’ के प्रचार के लिए जालंधर में एक मकान किराए पर लूंगा : Bhagwant Mann

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 22, 2024

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कहा कि वह जालंधर पश्चिम सीट के लिए 10 जुलाई को होने वाले विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (आप) के चुनाव प्रचार के लिए एक मकान किराए पर लेंगे। मान ने कहा कि आप का चुनाव प्रचार अभियान उनकी सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर केंद्रित होगा। मान ने संत कबीर दास की जयंती के अवसर पर होशियारपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने उनके नेतृत्व में उपचुनाव लड़ने का फैसला किया है। 


जालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव 10 जुलाई को होगा और मतगणना 13 जुलाई को होगी। आम आदमी पार्टी के विधायक शीतल अंगुराल के इस्तीफे के बाद जालंधर पश्चिम सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था। मान ने कहा कि मुख्यमंत्री और पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख के तौर पर वह जालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार का नेतृत्व करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ मैं लोगों से कहूंगा कि ये काम हो चुका है और ये काम अभी बाकी है। अपने क्षेत्र के विकास के लिए हमें और ताकत दीजिए। ’’ 


मुख्यमंत्री ने कहा कि वह शनिवार को जालंधर जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं वहां जालंधर में एक मकान किराए पर ले लूंगा। ऐसा नहीं है कि यह मकान सिर्फ 10 जुलाई तक (जब उपचुनाव के नतीजे आएंगे) किराए पर लिया जाएगा। यह मकान बाद में माझा और दोआबा क्षेत्रों के लिए सप्ताह में दो या तीन दिन के लिए कार्यालय के तौर पर काम करेगा। मैं वहीं रहूंगा। ’’ उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और अधिकारी दो दिन तक वहां मौजूद रहेंगे।गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी को हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा था, जिसमें वह पंजाब की 13 सीट में से केवल तीन पर ही जीत दर्ज कर सकी थी। 

 

इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी ने राजकोट गेम जोन के पीड़ितों के परिजनों से बातचीत की


आप ने जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मोहिंदर भगत को अपना उम्मीदवार बनाया है। आप ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में यह सीट जीती थी और शीतल अंगुराल विधायक चुने गए थे। अंगुराल अब इस निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हैं। अंगुराल ने भाजपा में शामिल होने के एक दिन बाद 28 मार्च को विधायक पद से अपना इस्तीफा दे दिया था। पंजाब विधानसभा अध्यक्ष ने 30 मई को अंगुराल का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। उपचुनाव 10 जुलाई को होगा जिसके लिए कुल 23 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 जून थी। नामांकन पत्रों की जांच 24 जून को होगी, जबकि नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 26 जून है।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

Bangladesh की नई BNP सरकार का शपथ ग्रहण, India-China समेत 13 देशों को भेजा न्योता

Team India का सपना, एक पारी से स्टार बने Vaibhav Sooryavanshi ने Cricket Career के लिए छोड़ी Board Exam

Asia Cup में Team India की शानदार वापसी, Pakistan को 8 विकेट से हराकर चखा पहली जीत का स्वाद

T20 World Cup 2026: Ishan Kishan के तूफान में उड़ी पाकिस्तानी टीम, भारत की धमाकेदार जीत