सार्वजनिक सिस्टम पर WhatsApp Web खुला छोड़ने पर साइबर धोखाधड़ी का खतरा, गृह मंत्रालय ने चेताया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

केंद्र सरकार ने सोमवार को चेतावनी दी कि सार्वजनिक कंप्यूटर या किसी साझा उपकरण पर व्हाट्सऐप वेब का इस्तेमाल करने के बाद लॉगआउट नहीं करने से साइबर अपराधी उपयोगकर्ताओं के अकाउंट पर कब्जा कर सकते हैं और वे निजी बातचीत पढ़ने, उपयोगकर्ता की पहचान का दुरुपयोग करने और धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों को अंजाम दे सकते हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय की साइबर अपराध निरोधक इकाई ‘भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र ’(आई4सी) ने अपने नवीनतम परामर्श में यह चेतावनी जारी की है। आई4सी की राष्ट्रीय साइबर अपराध खतरा विश्लेषण इकाई (एनसीटीएयू) ने आगाह किया कि पहले से लॉगइन किए गए व्हाट्सऐप वेब सत्र का इस्तेमाल कर साइबर अपराधी किसी अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर सकते हैं।

इसके जरिए वे उपयोगकर्ता के संदेश पढ़ सकते हैं, उसकी पहचान का इस्तेमाल कर दूसरों को संदेश भेज सकते हैं तथा संपर्क सूची और समूहों में होने वाली बातचीत तक पहुंच बना सकते हैं। परामर्श में कहा गया है कि साइबर अपराधी उपयोगकर्ता की विश्वसनीय पहचान का दुरुपयोग कर वित्तीय धोखाधड़ी, फिशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर हमलों को भी अंजाम दे सकते हैं। सरकार ने स्पष्ट किया कि केवल ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देने से व्हाट्सऐप वेब का लॉगइन सत्र समाप्त नहीं होता।

इसलिए उपयोगकर्ताओं को हर बार इस्तेमाल के बाद स्वयं लॉगआउट करना चाहिए। परामर्श में कहा गया है, ‘‘उपयोगकर्ताओं को व्हाट्सऐप वेब का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, खासकर कार्यालय के कंप्यूटर, साझा सिस्टम, सार्वजनिक कंप्यूटर या ऐसे उपकरणों पर जिन तक अन्य लोगों की पहुंच हो सकती है।’’ इसमें कहा गया है, ‘‘व्हाट्सऐप वेब पर आधिकारिक या संवेदनशील कामकाज करने से बचें। सरकारी, संगठनात्मक, वित्तीय, गोपनीय या अन्य संवेदनशील सूचनाओं का आदान-प्रदान कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप वेब के जरिए करने से यथासंभव बचना चाहिए।’’ परामर्श में सुझाव दिया गया है कि यदि व्हाट्सऐप वेब का इस्तेमाल करना अपरिहार्य हो, तो ‘इनकॉग्निटो’ या ‘प्राइवेट ब्राउजिंग’ मोड का उपयोग किया जा सकता है।

परामर्श में कहा गया है, ‘‘साइबर कैफे, सार्वजनिक इंटरनेट केंद्रों, होटलों के बिजनेस सेंटर, उधार लिए गए कंप्यूटर या अन्य अविश्वसनीय उपकरणों पर व्हाट्सऐप वेब में लॉगइन न करें। अपने खाते में किसी भी असामान्य गतिविधि के प्रति सतर्क रहें। आपके खाते से भेजे गए अप्रत्याशित संदेश, संपर्कों की ओर से असामान्य जवाब या कोई भी ऐसी गतिविधि जिसका कोई स्पष्ट कारण न हो, उसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।’’ आई4सी ने उपयोगकर्ताओं को अपने उपकरणों, ऑपरेटिंग सिस्टम और ब्राउजर की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा संबंधी सॉफ्टवेयर नियमित रूप से अपडेट करने के साथ ही संदिग्ध डाउनलोड, अज्ञात फाइलों और अवैध रूप से संशोधित या ‘क्रैक्ड’ सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल से बचने को कहा है।

प्रमुख खबरें

Hariharnath Temple का 1000 करोड़ से होगा कायाकल्प, Sonepur Mela 2026 की CM ने की शुरुआत

WhatsApp पर ऑफिस का काम न करें! गृह मंत्रालय की बड़ी चेतावनी! यूजर्स जरूर करें Logout

Guru Nanak Jayanti पर देश के 5 बड़े गुरुद्वारों में सजेगा भव्य लंगर, Golden Temple में विशेष तैयारी

New Zealand के खिलाफ Test match ड्रॉ होने पर भड़के Madan Lal, गेंदबाजी पर उठाए सवाल