By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026
छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में राज्योत्सव के अवसर पर भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयर शो होगा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि सारंग टीम के पायलट जिस साहस, सटीकता और आपसी समन्वय के साथ आसमान में कठिन हवाई करतब प्रस्तुत करते हैं, वह उनके कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और उत्कृष्ट टीम भावना का परिचायक है। ‘‘यह प्रदर्शन युवाओं को बड़े सपने देखने, चुनौतियों का सामना करने और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा और विमानन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। स्वदेशी तकनीक से विकसित ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों के माध्यम से सारंग टीम का प्रदर्शन भारत की तकनीकी क्षमता, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का भी परिचय कराएगा।
साय ने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन प्रदेश के युवाओं में भारतीय वायु सेना और अन्य सशस्त्र बलों में शामिल होकर राष्ट्रसेवा करने की भावना को और मजबूत करेगा। अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर दो नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम द्वारा भव्य एयर शो प्रस्तुत किया जाएगा। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस विशेष हवाई प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर आसमान में अद्भुत सामंजस्य, सटीक उड़ान और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे।
राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित यह प्रदर्शन समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा। अधिकारियों ने बताया कि सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में दो महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं।
टीम के सदस्य पांच हेलीकॉप्टरों के माध्यम से आसमान में विभिन्न रोमांचक संरचनाओं और साहसिक हवाई करतबों का प्रदर्शन करेंगे। ग्रुप कैप्टन कुमार ने बताया कि विश्व में हेलीकॉप्टरों के माध्यम से इस प्रकार के एयरोबैटिक प्रदर्शन करने वाली चुनिंदा तीन टीमें हैं, जिनमें भारतीय वायु सेना की सारंग टीम भी शामिल है। सारंग टीम की विशेषता यह है कि इसके पांच हेलीकॉप्टर अत्यंत सटीक समन्वय के साथ सामूहिक उड़ान और रोमांचक हवाई करतब प्रस्तुत करते हैं।
इस प्रकार के प्रदर्शन के लिए पायलटों के बीच असाधारण तालमेल, एकाग्रता, निरंतर अभ्यास और उच्चस्तरीय तकनीकी दक्षता आवश्यक होती है।