PT Usha का IOA आम सभा के लिए नामांकन सवालों के घेरे में, आइस हॉकी संघ के गुट ने दर्ज कराई आपत्ति

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

भारतीय आइस हॉकी संघ (आईएचएआई) के एक धड़े ने शुक्रवार को दावा किया कि दिग्गज एथलीट और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा आईएचएआई की सदस्य नहीं हैं और ऐसे में उन्हें महासंघ की ओर से आईओए की आम सभा में प्रतिनिधित्व करने का अधिकार नहीं है। उल्लेखनीय है कि खेलों में उत्कृष्ट योगदान के आधार पर चुने जाने वाले चार महिला खिलाड़ियों (एसओएम) में जगह बनाने में नाकाम रहने के बाद उषा को बृहस्पतिवार को आईएचएआई ने अपने दो प्रतिनिधियों में से एक के रूप में आम सभा के लिए नामित किया था। इस कदम को आईओए अध्यक्ष के रूप में उनके दोबारा चुनाव लड़ने की संभावनाएं बरकरार रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

आईओए के कार्यकारी परिषद के चुनाव पांच दिसंबर को होने हैं। इन चुनावों में आठ एसओएम (चार पुरुष और चार महिला) तथा आम सभा के सदस्य मतदान करने के साथ उम्मीदवार भी बन सकते हैं। आईओए के निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव की ओर से सोमवार को जारी अधिसूचना में स्पष्ट प्रावधान है कि किसी राष्ट्रीय खेल महासंघ (एनएसएफ) की ओर से नामित प्रतिनिधि उसी महासंघ का सदस्य होना चाहिए।

इसके अलावा, प्रतिनिधियों के नामांकन को मंजूरी देने वाले प्रस्ताव या प्राधिकरण की प्रति भी संबंधित महासंघ को जमा करनी होगी। इस साल सितंबर में अनुमोदित आईओए के संविधान के अनुच्छेद 10.4 में भी स्पष्ट कहा गया है कि प्रत्येक इकाई (राष्ट्रीय खेल महासंघ) की ओर से नामित प्रतिनिधि उस इकाई का सदस्य होना अनिवार्य है। आईएचएआई के एक अन्य धड़े ने निर्वाचन अधिकारी श्रीवास्तव को पत्र लिखकर पीटी उषा और हरजिंदर सिंह को महासंघ के प्रतिनिधियों के रूप में नामित किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है।

कुंजांग नामग्याल के नेतृत्व वाले आईएचएआई धड़े के उपाध्यक्ष होने का दावा करने वाले अजीत कक्कड़ ने पत्र में कहा, ‘‘यह उल्लेख करना जरूरी है कि पीटी उषा भारतीय आइस हॉकी संघ की सदस्य नहीं हैं। इसके बावजूद उन्हें महासंघ के प्रतिनिधियों में शामिल किया गया है, जिससे गलत तरीके से यह संदेश जाता है कि वह नामांकन करने वाले महासंघ की सदस्य हैं।’’ कक्कड़ ने निर्वाचन अधिकारी से यह भी अनुरोध किया कि दोनों प्रतिनिधियों के नामांकन के लिए प्रस्ताव पारित करने वाली संस्था के अधिकार, उसके गठन, बैठक की वैधता और कोरम की जांच की जाए। गौरतलब है कि आईओए की ओर से गुरप्रीत सिंह बख्शी की अध्यक्षता वाले भारतीय आइस हॉकी संघ को मान्यता प्राप्त है।

हरजिंदर सिंह इस संगठन के महासचिव हैं। खेल मंत्रालय ने आइस हॉकी के किसी भी राष्ट्रीय संगठन को मान्यता नहीं दी है। हाल के वर्षों में इस खेल का प्रशासन विवादों में रहा है और कई गुट खुद को आधिकारिक राष्ट्रीय खेल महासंघ (एनएसएफ) होने का दावा करते रहे हैं।

कक्कड़ ने अपने पत्र में गुरप्रीत सिंह बख्शी और हरजिंदर सिंह के पदों की वैधता को भी चुनौती दी है। उनका कहना है कि दोनों के पास आईएचएआई के अध्यक्ष और महासचिव के रूप में काम करने का कोई वैधानिक अधिकार नहीं है। पत्र में कहा गया है कि वर्ष 2022 में कोई वैध चुनाव नहीं हुए थे।

ऐसे में बख्शी और हरजिंदर जिस कार्यकारी समिति या शासी निकाय का नेतृत्व करने का दावा करते हैं, उसे कोई वैध जनादेश प्राप्त नहीं है।

प्रमुख खबरें

विदेशी वक्ताओं के Visa रद्द होने पर MEA का बयान, फैसले को सरकार का संप्रभु अधिकार बताया

Manipur के Ukhrul में दो गाड़ियों पर उग्रवादियों का हमला, चार नगा नागरिकों की मौत

Pakistan से पिछली 151 रन की हार का बदला लेने उतरेगी Team India, U19 Asia Cup का महामुकाबला

UP Congress में काम न करने वाले जिला और शहर अध्यक्ष बदले जाएंगे, Rajendra Pal Gautam की चेतावनी