लड़कियों में समय पूर्व यौवन के कारणों की पहचान के लिए ICMR वैज्ञानिकों ने खोजा नया ब्लड टेस्ट सूचकांक

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026

(पायल बनर्जी) नयी दिल्ली, 28 नवंबर भारतीय शोधकर्ताओं ने रक्त की जांच पर आधारित एक ऐसे सूचकांक की पहचान की है, जो कम उम्र की लड़कियों में स्तन विकास के दो अलग-अलग कारणों के बीच अंतर करने में मदद कर सकता है। इससे मौजूदा जांच प्रक्रियाओं को आसान बनाने में मदद मिल सकती है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान (आईसीएमआर-एनआईआरडब्ल्यूओएच), मुंबई के शोधकर्ताओं ने बाई जेरबाई वाडिया बाल अस्पताल के साथ मिलकर यह अध्ययन किया।

उन्होंने ‘किसपेप्टिन-10’ और ‘बेसल ल्यूटिनाइजिंग हार्मोन’ (एलएच) के अनुपात का अध्ययन किया और पाया कि यह इन दोनों में से किसी एक की अकेले जांच करने की तुलना में बेहतर परिणाम सामने आते हैं। इस अध्ययन के निष्कर्ष हाल ही में अंतरराष्ट्रीय पत्रिका ‘क्लिनिका केमिका एक्टा’ में प्रकाशित हुए हैं। कम उम्र में लड़कियों के स्तनों का विकास दो स्थितियों का संकेत हो सकता है।

इनमें पहली सेंट्रल प्रीकोशियस प्यूबर्टी, जिसमें लड़कियों में सामान्य उम्र से पहले यौवन की शुरुआत हो जाती है। दूसरी स्थिति प्रीमैच्योर थेलार्के है, जिसमें स्तनों का विकास तो होता है, लेकिन यौवन शुरू होने के अन्य लक्षण नहीं दिखते। यह आमतौर पर गंभीर समस्या नहीं होती।

इन दोनों स्थितियों में अंतर करना चिकित्सकीय रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि सेंट्रल प्रीकोशियस प्यूबर्टी की स्थिति में समय पर इलाज की जरूरत पड़ सकती है, जबकि प्रीमैच्योर थेलार्के में अक्सर केवल निगरानी और नियमित जांच की आवश्यकता होती है। प्रीमैच्योर थेलार्के आठ साल से कम उम्र की लड़कियों में स्तन ऊतकों का शुरुआती विकास है, जिसमें यौवन के अन्य लक्षण नहीं दिखते। फिलहाल, इन दोनों स्थितियों में अंतर करने के लिए अक्सर गोनाडोट्रोपिन-रिलीजिंग हार्मोन (जीएनआरएच) स्टिमुलेशन टेस्ट किया जाता है।

इसमें हार्मोन दिया जाता है और कई घंटों तक बार-बार खून के नमूने लिए जाते हैं। इस प्रक्रिया में काफी समय लगता है और स्वास्थ्य सेवाओं के सभी केंद्रों पर यह जांच आसानी से उपलब्ध नहीं है। शोध दल ने किसपेप्टिन-10 और बेसल ल्यूटिनाइजिंग हार्मोन (एलएच) का मूल्यांकन किया।

किसपेप्टिन-10 मस्तिष्क की तंत्रिका कोशिकाओं से निकलने वाला एक रासायनिक संदेशवाहक है, जो यौवन की शुरुआत को नियंत्रित करने में भूमिका निभाता है। अध्ययन में पाया गया कि किसपेप्टिन-10 अकेले इन दोनों स्थितियों में भरोसेमंद तरीके से अंतर नहीं कर सका, लेकिन किसपेप्टिन-10 और बेसल एलएच का अनुपात इस मामले में बेहतर साबित हुआ। अध्ययन में इस सूचकांक की संवेदनशीलता करीब 73 प्रतिशत, विशिष्टता 87 प्रतिशत और कुल नैदानिक सटीकता 78 प्रतिशत रही।

शोधकर्ताओं के अनुसार, आगे और परीक्षणों के बाद इस सूचकांक का इस्तेमाल मौजूदा जांच विधियों की मदद के लिए किया जा सकता है। आईसीएमआर-एनआईआरडब्ल्यूओएच की डॉ. अंतरा बनर्जी ने कहा, ‘‘हमारे अध्ययन में यह पता लगाने की कोशिश की गई कि क्या यौवन को नियंत्रित करने वाले एक प्रमुख कारक किसपेप्टिन-10 और बेसल ल्यूटिनाइजिंग हार्मोन को मिलाकर इडियोपैथिक सेंट्रल प्रीकोशियस प्यूबर्टी और प्रीमैच्योर थेलार्के के बीच बेहतर अंतर किया जा सकता है। किसपेप्टिन-10 और बेसल एलएच में से कोई भी अकेले इन दोनों स्थितियों में भरोसेमंद तरीके से अंतर नहीं कर सका, लेकिन दोनों का अनुपात हमारे अध्ययन में बेहतर परिणाम देने वाला साबित हुआ।

इससे मौजूदा जांच विधियों के साथ इस सूचकांक के इस्तेमाल की संभावनाओं का आगे अध्ययन करने का आधार मिला है।’’

प्रमुख खबरें

सरसों तेल और साबुत मसालों से बनाएं Gobhi Achar, नहीं पड़ेगी धूप की जरूरत

Delimitation Bill से उत्तर और दक्षिण दोनों को फायदा, Giriraj Singh का विपक्ष पर वार

रूस पर अंतरिक्ष में परमाणु हथियार ले जाने वाला उपग्रह तैनात करने का दावा, मॉस्को ने नकारा

Kashi-Tamil Sangamam 5th Edition | राष्ट्र केवल नक्शे से नहीं, दिलों को जोड़ने वाले सेतुओं से बनता है, काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण में बोले योगी आदित्यनाथ