छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल के राजनीतिक सलाहकार और दो ओएसडी के परिसरों पर ईड का छापा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 23, 2023

प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा, मुख्यमंत्री के दो ओएसडी और कारोबारी के यहां छापे की कार्रवाई की है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। हालांकि सूत्रों के माध्यम से अभी तक यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि ईडी ने किस मामले में यह कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री बघेल ने ईडी की इस कार्रवाई को अपने जन्मदिन का तोहफा बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को धन्यवाद दिया। प्रांतीय राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर में स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी में विनोद वर्मा के आवास पर और दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई इलाके में स्थित ओएसडी आशीष वर्मा और मनीष बंछोर के मकानों पर अर्धसैनिक बल के कुछ जवानों को देखा गया। विनोद वर्मा पहले पत्रकार रहे हैं तथा कई बड़े संस्थानों में काम कर चुके हैं। वह मुख्यमंत्री बघेल के करीबी हैं।

मुख्यमंत्री बघेल का जन्मदिन 23 अगस्त को होता है। इस अवसर पर उनके गृह जिले दुर्ग और अन्य स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ईडी छत्तीसगढ़ में कथित कोयला घोटाला, शराब घोटाला, जिला खनिज फाउंडेशन फंड में अनियमितता और एक ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से संबंधित विभिन्न मामलों की जांच कर रहा है। सूत्रों ने बताया कि ईडी ने पिछले दो दिनों में ऑनलाइन सट्टेबाजी के संबंध में रायपुर और दुर्ग में कई स्थानों पर तलाशी ली थी। ईडी ने पिछले साल दिसंबर में कथित कोयला लेवी घोटाले से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में राज्य कैडर की आईएएस अधिकारी सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार किया था। चौरसिया मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव के पद पर तैनात थीं। कोयला लेवी मामले में गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों में दो आईएएस अधिकारी समीर विश्नोई और रानू साहू भी शामिल हैं। इसके अलावा ईडी राज्य में कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले की भी जांच कर रही है जिसमें कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रमुख खबरें

DRI ने देश भर में कार्रवाई कर 845 किलोग्राम Drugs पकड़ी, 15 तस्कर अरेस्ट

CID पूछताछ के दौरान TMC MLA परेश राम दास की तबीयत बिगड़ी, SSKM अस्पताल में भर्ती

Islamic State साजिश मामले में NIA अदालत ने हुजैर फरहान बेग को सुनाई 6 साल की सजा

विदेशी Unicorns में भारतीय संस्थापकों का मूल्य 560 अरब डॉलर पहुंचा: Prosus सूचकांक