By अभिनय आकाश | Nov 19, 2024
रूस यूक्रेन के बीच 33 महीने से जंग जारी है। दोनों देशों के बीच के संघर्ष में अब तक हजारों लोगों की मौत हुई है। जबकि लाखों लोग जख्मी हुए हैं। रूस यूक्रेन जंग के बीच अमेरिका ने बड़ा फैसला ले लिया है। खबरों के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 19 जनवरी 2025 को पूरा होने वाले कार्यकाल से पहले ही यूक्रेन को रूस पर अटैक के लिए मिसाइल के इस्तेमाल की अनुमति दे दी। इस कदम के बाद अब रूस भी खुलकर मैदान में गया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अद्यतन परमाणु सिद्धांत को मंजूरी दे दी, जिसमें कहा गया कि अगर परमाणु शक्ति द्वारा समर्थित उस पर पारंपरिक मिसाइल हमला होता है तो रूस परमाणु हथियारों का उपयोग करने पर विचार कर सकता है। पुतिन ने परमाणु निवारक संबंधी नयी नीति का समर्थन 24 फरवरी, 2022 को यूक्रेन में सैनिकों को भेजने वाले हमले के 1,000वें दिन पर किया है। यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के उस फैसले के बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने यूक्रेन को अमेरिका द्वारा आपूर्ति की गई लंबी दूरी की मिसाइलों से रूस के अंदर लक्ष्यों पर हमला करने की अनुमति दी थी।
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन को रूस पर हमला करने के लिए अमेरिका द्वारा दी गयी लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल को पहली बार अनुमति दी। मामले से वाकिफ लोगों ने यह जानकारी दी। बाइडेन द्वारा लिया गया यह निर्णय अमेरिका की नीति में एक बड़ा बदलाव है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब मौजूदा राष्ट्रपति बाइडेन का कार्यकाल खत्म होने वाला है और राष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित डोनाल्ड ट्रंप पहले ही यूक्रेन को दिये जाने वाले अमेरिकी समर्थन को सीमित करने तथा युद्ध को जल्द से जल्द समाप्त करने की बात कह चुके हैं। यूक्रेन पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हमले के फैसले के समर्थन में उत्तर कोरिया ने हजारों सैनिकों को रूस भेजने का फैसला किया है, जिसके जवाब में संभवत: इन मिसाइलों का इस्तेमाल का निर्णय लिया गया है।