पंजाब में कांग्रेस को बचाना है तो अमरिंदर और जाखड़ को हटाना होगा: प्रताप सिंह बाजवा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 07, 2020

नयी दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के खिलाफ कांग्रेस के दो राज्यसभा सदस्यों प्रताप सिंह बाजवा तथा शमशेर सिंह ढुलो के मोर्चा खोलने के बाद उठे विवाद के बीच बाजवा ने शुक्रवार को कहा कि अगर राज्य में पार्टी को बचाना है तो अमरिंदर और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ को उनके पदों से हटाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर पार्टी आलाकमान ऐसा निर्णय नहीं लेता है तो कांग्रेस का पंजाब में वही हाल होगा जो सिद्धार्थ शंकर राय (पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री) के बाद पश्चिम बंगाल में हुआ। दूसरी तरफ, पार्टी की प्रदेश प्रभारी आशा कुमारी ने शुक्रवार को कहा कि इन दोनों सांसदों के मामले में कोई भी निर्णय एके एंटनी की अध्यक्षता वाली अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति करेगी। 

इसे भी पढ़ें: पंजाब संकट पर बोलीं कांग्रेस प्रभारी आशा कुमारी, एके एंटनी की अगुवाई वाली समिति करेगी फैसला

बाजवा ने कहा, ‘‘अगर पार्टी मुझे और ढुलो को बाहर करती है तो यह शरीर से दिल निकालने की तरह होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब में कांग्रेस को बचाने के लिए अमरिंदर सिंह और सुनील जाखड़ को हटाया जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो अमरिंदर सिंह कांग्रेस का वो हाल करेंगे जो सिद्धार्थ शंकर राय ने पश्चिम बंगाल में किया था। बंगाल में कांग्रेस कई दशकों से सत्ता से बाहर है।’’ यह पूछे जाने पर कार्रवाई की स्थिति में उनका अगला कदम क्या होगा तो बाजवा ने कहा, ‘‘जब ऐसा होगा तो उस वक्त कोई बात करूंगा। मैं हमेशा से कांग्रेसी हूं। मेरे परिवार का बलिदान का इतिहास है। राहुल गांधी मेरे नेता हैं। मैं आज भी राहुल गांधी का करीबी हूं।’’ इस विवाद के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस की पंजाब प्रभारी आशा कुमारी ने कहा, ‘‘दोनों (बाजवा और ढुलो) ही सांसद हैं। कांग्रेस में एक संवैधानिक व्यवस्था है। इनके संदर्भ में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके बाद एके एंटनी की अगुवाई वाली समिति कोई निर्णय करेगी।’’

प्रमुख खबरें

Donald Trump के Mail Voting आदेश को US Supreme Court से मिली हरी झंडी

Chhatarpur में Cyber Fraud गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, 28 लाख की ठगी

US Colleges में Indian Students के आवेदन 15 प्रतिशत घटे, वीजा नियमों में सख्ती

Donald Trump चीन पर 7.5 फीसदी नया Tariff लगाने की तैयारी में, सस्ते सामान की डंपिंग बनी वजह