By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 12, 2021
दुबई। दुबई में लंबे समय से चली आ रही उस अनिवार्यता को बंद करने की दिशा में कदम उठाया गया है जिसमें रमजान के दौरान सभी रेस्तरां को दिन के वक्त परदों से ढकना आवश्यक हुआ करता था ताकि रोजा रख रहे लोगों की नजर से खाद्य पदार्थ दूर रहें। यहां के आर्थिक विकास विभाग ने पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को इस कदम की घोषणा की।
नए नियमों के तहत दिन के वक्त भोजन परोसने के लिए अब रेस्तरां को पहले की तरह विशेष परमिट लेने की भी जरूरत नहीं होगी। खाड़ी के अरब देशों में रमजान के दौरान सार्वजनिक तौर पर खाने पीने पर जुर्माने लगाए जाते हैं तथा ऐसा करने वाला आदमी कानूनी पचड़ों में भी फंस सकता है। हालांकि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दुबई नियमों में बदलाव कर रहा है।