ऑपरेशन बालाकोट के बाद बोले कानून मंत्री, PAK की फौज के मुखौटे हैं इमरान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 27, 2019

इंदौर। नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तान स्थित आतंकवादी शिविरों पर हवाई हमलों के लिये केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भारतीय वायुसेना की मंगलवार की रात जमकर तारीफ की। इसके साथ ही, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को पड़ोसी मुल्क की फौज का मुखौटा करार देते हुए तंज कसा कि पूर्व क्रिकेटर द्विपक्षीय राजनीति को भी क्रिकेट का खेल समझ रहे हैं। 

आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा के यहां आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में प्रसाद ने कहा कि वर्ष 1971 के युद्ध के बाद भारतीय वायुसेना पहली बार पाकिस्तान में दाखिल हुई है। इस घटना की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि रात के 03:15 बजे हमारी वायुसेना के बहादुर पायलटों ने वहां तीन बड़े आतंकी ठिकानों पर हमला बोलते हुए बड़ी संख्या में आतंकियों को धराशायी किया और भारत लौट आये। लेकिन हमारे किसी भी पायलट को एक खरोंच तक नहीं लगी।

इसे भी पढ़ें: पाकिस्तान ने भारतीय वायुसेना पर लगाया LoC के उल्लंघन का आरोप

प्रसाद ने पूर्व क्रिकेटर और पाकिस्तान के मौजूदा प्रधानमंत्री इमरान खान पर निशाना साधते हुए कहा, "इमरान खान समझते हैं कि सियासत भी क्रिकेट के खेल की तरह है। अब खान स्वयं तो राजनेता हैं नहीं। वह पाकिस्तानी सेना के मुखौटे भर हैं।" उन्होंने व्यंग्य किया, "पाकिस्तानी प्रधानमंत्री कभी गुगली गेंद फेंकते हैं, तो कभी फास्ट इन स्विंग गेंदबाजी करते हैं। वह भारत पर आतंकी हमले के बाद हमसे शांति की अपील करने लगते हैं।" जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 पर कानून मंत्री ने कहा, "अनुच्छेद 370 का मुद्दा हमारी प्रामाणिकता से जुड़ा है। इस विषय में हम चिंतित हैं और आगे भी रहेंगे। लेकिन यह बात भी समझी जानी चाहिये कि कश्मीर का चेहरा लगातार बदल रहा है।"

इसे भी पढ़ें: सर्वदलीय बैठक के बाद बोलीं सुषमा, सभी दल ने आतंकवाद के खिलाफ प्रकट की एकजुटता

उन्होंने कहा, "कश्मीर में 90 प्रतिशत स्थानीय आतंकवादी समाप्त हो गये हैं। इसके साथ ही, कश्मीर के नौजवान भारतीय सेना और राज्य पुलिस में शामिल होने के लिये उत्साह दिखा रहे हैं। आतंकवाद के खिलाफ जंग में कश्मीरी जवान भी शहीद हो रहे हैं।" अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर के निर्माण की मांग को लेकर श्रोताओं के पूछे गये सवाल पर प्रसाद ने कहा, "कानून मंत्री के रूप में हालांकि मेरी कुछ सीमाएं हैं। लेकिन हमारी अपेक्षा होगी कि शीर्ष न्यायालय में संबंधित मुकदमे की सुनवाई जल्द से जल्द होनी चाहिए, क्योंकि पूरा देश यही चाहता है।" उन्होंने कहा कि भाजपा शुरूआत से ही वचनबद्ध है कि अयोध्या में संवैधानिक रास्ते से उसी स्थान (राम जन्मभूमि) पर भव्य मंदिर बनना चाहिये और इस वचन से हम जरा भी पीछे नहीं हटेंगे।

प्रमुख खबरें

Strait of Hormuz में जहाजों से वसूला जाएगा Transit Fees? Iran-Oman की Strategic बातचीत का सच आया सामने

Riyadh Sofa Factory Fire: सऊदी अरब में भीषण अग्निकांड, 16 बांग्लादेशी नागरिकों की दर्दनाक मौत से मचा कोहराम

शेख हसीना के Extradition पर अड़ा Bangladesh: PM Tarique Rahman ने Dinesh Trivedi से की बड़ी मांग

ISI-backed BKI Terror Module का पर्दाफाश, Jalandhar में हैंड ग्रेनेड के साथ मुख्य आतंकी गिरफ्तार