By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीट के बंटवारे का समझौता तभी स्वीकार करेगी, जब वह ‘‘सम्मानजनक और दोनों पक्षों को मंजूर हो।’’ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष मसूद ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करेगी। कांग्रेस नेता ने दिल्ली से ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ फोन पर बातचीत में कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व के सामने अपना रुख पहले ही स्पष्ट कर दिया है और उसी के अनुरूप अपनी मांगें रख रहे हैं। ऐसी चर्चाएं हैं कि कांग्रेस आगामी चुनाव में 105 से अधिक सीट पर चुनाव लड़ने की मांग कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम 2017 में पहले ही 107 सीट पर चुनाव लड़ चुके हैं। गठबंधन का समझौता सम्मानजनक और स्वीकार्य होना चाहिए। ऐसा नहीं होने पर गठबंधन नहीं होना चाहिए।
हम अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करेंगे। उनका भी अपना सम्मान है और हमारा भी। यह हमारे स्वाभिमान की कीमत पर नहीं हो सकता।’’ मसूद ने स्पष्ट किया कि वह गठबंधन पर सवाल नहीं उठा रहे हैं, बल्कि उन शर्तों पर आपत्ति जता रहे हैं, जिनके आधार पर दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत हो रही है।
मसूद ने यह टिप्पणी बृहस्पतिवार को लखनऊ दौरे के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से कही गई उस बात के संदर्भ में की, जिसमें उन्होंने मसूद से कहा था, ‘‘काम ज्यादा करें, बातें कम करें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘खरगे साहब ने मेरी तारीफ की है। मैं भी यही कह रहा हूं कि गठबंधन तो है ही, लेकिन यह हमारे आत्मसम्मान की कीमत पर नहीं हो सकता।’’ इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) के दोनों सहयोगी दलों के बीच सीट के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है और कांग्रेस को दी जाने वाली सीट की संख्या पर दोनों के बीच मतभेद बढ़ने की खबरें हैं। दिल्ली में ‘पीटीआई-वीडियो’ के साथ अलग से बातचीत में मसूद ने समाजवादी पार्टी के उन नेताओं को भी जवाब दिया, जिन्होंने कथित तौर पर उनके बयान को खारिज करते हुए कहा था कि सीट बंटवारे का फैसला केवल पार्टी नेतृत्व ही करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे समाजवादी पार्टी के नेताओं से किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। उन्हें अपनी सलाह अपने पास रखनी चाहिए। मैं अपनी पार्टी के लिए लड़ रहा हूं और उसके लिए बोलता तथा लड़ता रहूंगा।’’ उन्होंने कांग्रेस को 26 सीट की पेशकश की व्यवहार्यता पर सवाल उठाते हुए सवाल किया कि क्या समाजवादी पार्टी ने इन निर्वाचन क्षेत्रों का चयन करते समय जीतने की संभावना को आधार बनाया है?
कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘‘हम ऐसी सीट पर चुनाव क्यों लड़ें, जहां जीतने की कोई संभावना ही नहीं है? आप खुद उन सीट पर चुनाव लड़ लें। अगर आपने 26 में से छह सीट हमारे लिए तय की हैं, तो बाकी 20 सीट पर आप चुनाव लड़ लें।
आप हमें ऐसी सीटें क्यों देना चाहते हैं, जहां जीतना मुश्किल है?’’ मसूद ने कहा कि कांग्रेस प्रस्तावित सीट पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है, लेकिन वह ऐसे निर्वाचन क्षेत्र चाहती है, जहां उसके उम्मीदवारों के जीतने की वास्तविक संभावना हो। उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम सीट लेने के लिए तैयार हैं, तो हमें अच्छी सीट भी मिलनी चाहिए। आप यह उम्मीद नहीं कर सकते कि हम आपके हर फैसले को स्वीकार कर लें और अपने हित की बलि देकर भाजपा को हराने की पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा लें।’’ समाजवादी पार्टी ने अब तक कांग्रेस को 26 सीट की पेशकश की है, जबकि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए 100 से अधिक सीट मांग रही है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में दिल्ली में आयोजित ‘एचटी लीडरशिप समिट’ में बताया था कि बातचीत के शुरुआती दौर में कांग्रेस ने 181 सीट की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि सीट बंटवारे पर उम्मीदवारों की जीतने की संभावना के आधार पर सहमति बनाई जा सकती है।