इराक : शिया धर्मगुरु के राजनीति से हटने की घोषणा के बाद झड़प, पांच व्यक्तियों की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 30, 2022

बगदाद, 30 अगस्त (एपी)। इराक के एक प्रभावशाली शिया धर्मगुरु मुक्तदा अल-सद्र ने सोमवार को राजनीति से हटने की घोषणा की। इसकी प्रतिक्रिया में उनके नाराज सैकड़ों समर्थक सरकारी महल पहुंच गए। इस दौरान अल-सद्र और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़प हुई जिसमें कम से कम पांच प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई। चिकित्सा अधिकारियों ने कहा कि शिया धर्मगुरु की घोषणा के बाद विरोध प्रदर्शनों के दौरान दंगा रोधी पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में कम से कम 15 प्रदर्शनकारियों घायल हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने इस दौरान आंसू गैस के गोले छोड़े जिसमें और 12 से अधिक घायल हो गए।

उन्होंने आम सहमति वाली सरकार बनाने के लिए ईरान समर्थित शिया प्रतिद्वंद्वियों के साथ बातचीत करने से इनकार कर दिया था। अल-सद्र के समर्थक जुलाई में प्रतिद्वंद्वियों को सरकार बनाने से रोकने के लिए संसद में घुस गए और चार सप्ताह से अधिक समय से धरने पर बैठे हैं। उनके गुट ने संसद से इस्तीफा भी दे दिया है। यह पहली बार नहीं है जब अल-सद्र ने संन्यास की घोषणा की है। वह इससे पहले भी ऐसी घोषणा कर चुके हैं। कई लोगों ने अल-सदर के इस कदम को वर्तमान गतिरोध के बीच प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ बढ़त हासिल करने का एक और प्रयास करार दिया।

हालांकि कुछ ने यह आशंका जतायी है कि इस बार के उनके कदम से देश की स्थिति और बिगड़ सकती है, जो पहले से ही खराब है। सोमवार को सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने रिपब्लिकन पैलेस के बाहर सीमेंट के बैरियर को रस्सियों से नीचे गिराया और महल के फाटकों को तोड़ दिया। उनमें से कई महल के सभागार में पहुंच गए। एसोसिएटेड प्रेस के एक फोटोग्राफर ने गोलियां चलने की आवाज सुनी और कई प्रदर्शनकारियों को ले जाते देखा जो खून से लथपथ थे। एक वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी ने गोलीबारी में कम से कम तीन प्रदर्शनकारियों के मारे जाने की पुष्टि की।

धर्मगुरु अल-सदर ने एक ट्वीट में राजनीति से हटने की घोषणा की और अपने पार्टी कार्यालयों को बंद करने का आदेश दिया। धार्मिक और सांस्कृतिक संस्थान खुले रहेंगे। इराक के कार्यवाहक प्रधानमंत्री मुस्तफा अल-कदीमी ने मांग की कि अल-सदर अपने समर्थकों से सरकारी संस्थानों से हटने का आह्वान करे। उन्होंने कैबिनेट की बैठकें स्थगित करने की भी घोषणा की।

प्रमुख खबरें

IPL 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका, ये खिलाड़ी हुआ पूरे सीजन से बाहर

PAN Card का Misuse रोकें! घर बैठे Free में चेक करें CIBIL Score, फ्रॉड से बचें

टी20 वर्ल्ड कप की मैच फिक्सिंग मामले में गैंगस्टर का हाथ! लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने कनाडा कप्तान पर बनाया था दबाव

Delhi-NCR में Target Killing की बड़ी साजिश नाकाम, Pakistan के ISI एजेंट के 2 गुर्गे गिरफ्तार