By अंकित सिंह | May 03, 2023
कर्नाटक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लगातार चुनाव प्रचार कर रही हैं। इस दौरान वह भाजपा पर भी निशाना साध रही हैं। आज प्रियंका ने भाजपा पर निशाना साधते हुए लोगों से कहा कि आप उनसे पूछो कि उन्होंने कर्नाटक के लिए क्या किया? उन्होंने कहा कि हर बार चुनाव आते ही आपका ध्यान भटक जाता है। आप जवाब ही नहीं मांगते। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा के नेता जानते हैं कि जब जज्बाती मामला उठाकर वोट मिल रहा है तो काम क्यों करना? उन्होंने लोगों से कहा कि जाग जाओ... बहुत हुआ और BJP सरकार से पूछो कि आपने कर्नाटक में क्या किया?
प्रियंका गांधी ने चुनावी रैली में कहा कि जब आपकी सरकार 40 प्रतिशत सरकार बनकर लोगों को लूट रही थी तब आप (प्रधानमंत्री) क्या कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज मुझे समझ आया कि जब लूट मची हुई थी तब आपकी (मोदी) की आखें क्यों बंद थीं; क्योंकि आप सपने देख रहे थे। प्रियंका गांधी ने भाजपा पर वार करते हुए कहा कि उन्होंने (भाजपा) कर्नाटक में 3.5 साल सरकार चलाई लेकिन न तो वे अपना चेहरा दिखा पा रहे हैं और न ही वे आपके सामने बोल पा रहे हैं। उन्होंने साफ तरौ पर कहा कि यहां बदलाव जरूर आएगा। प्रियंका ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता चुनाव प्रचार के दौरान बेरोजगारी, आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि जैसी लोगों की समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय 'बेकार' की बातें करते हैं।