Kasaragod में सतर्कता विभाग ने सर्वेक्षण अधिकारी की एवज में रिश्वत लेते एजेंट को गिरफ्तार किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 28, 2025

सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) ने भूमि के पुन:सर्वेक्षण में हुई त्रुटियों को ठीक करने के लिए ‘‘सर्वेक्षण अधिकारियों की ओर से’’ रिश्वत लेने के आरोप में एक एजेंट को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

आरोपी की पहचान कासरगोड जिले के उडुमा निवासी हाशिम पी.एच. के रूप में हुई है। एक अधिकारी ने बताया कि हाशिम को शनिवार शाम कांजनगाड़ मिनी सिविल स्टेशन परिसर में शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

वीएसीबी अधिकारियों के अनुसार, कासरगोड जिले के पेरिया के निवासी शिकायतकर्ता की 2.40 एकड़ जमीन को पुन:सर्वेक्षण के बाद गलती से 1.89 एकड़ दर्ज कर दिया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि करीब छह महीने पहले शिकायतकर्ता ने इस त्रुटि को ठीक कराने के लिए कांजनगाड़ तालुक सर्वे कार्यालय में आवेदन किया था। उस समय, सर्वे कार्यालय के बाहर आवेदन तैयार करने वाले और एजेंट के रूप में काम करने वाले हाशिम ने उनकी ओर से शिकायत का मसौदा तैयार किया था।

अधिकारियों के मुताबिक, बाद में सर्वेक्षण अधिकारियों ने मौका मुआयना भी किया, लेकिन छह महीने बीत जाने के बावजूद शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब शिकायतकर्ता देरी के बारे में दोबारा जानकारी लेने के लिए सर्वे कार्यालय गए तो उनकी मुलाकात फिर हाशिम से हुई।

हाशिम ने उनसे कथित तौर पर कहा कि केवल शिकायत देने से काम नहीं होगा और मामला अधिकारियों को रिश्वत दिए बिना हल नहीं हो सकता। वीएसीबी अधिकारियों ने बताया कि हाशिम ने पहले 30,000 रुपये की मांग की और दावा किया कि अधिकारियों से उसके अच्छे संबंध हैं तथा वह पहले भी इसी तरह के मामलों को रिश्वत देकर सुलझा चुका है।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के असमर्थता जताने पर मांग घटाकर 20,000 रुपये कर दी गई। आरोप है कि हाशिम ने पहली किस्त के रूप में ‘गूगल पे’ के जरिए 5,000 रुपये ले लिए और शेष 15,000 रुपये 27 दिसंबर को नकद देने को कहा। रिश्वत देने के बजाय शिकायतकर्ता ने कासरगोड वीएसीबी के पुलिस उपाधीक्षक से संपर्क किया।

शिकायत के आधार पर सतर्कता दल ने जाल बिछाया और शनिवार शाम हाशिम को 15,000 रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि वीएसीबी हाशिम और सर्वेक्षण अधिकारियों के बीच कथित सांठगांठ की भी जांच कर रही है।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

Assam CM Himanta का बयान, PM Modi के रहते हमारी जीत को कोई दीवार रोक नहीं सकती

आखिर सेवा तीर्थ से उपजते सियासी सवालों के जवाब कब तक मिलेंगे?

Amit Shah का Rahul Gandhi पर बड़ा हमला, बोले- व्यापार समझौतों पर फैला रहे हैं भ्रम

Mahashivratri 2026: धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण त्यौहार है महाशिवरात्रि