सलमान खान को धमकी का मामला : मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति को राजस्थान से पकड़ा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 27, 2023

मुंबई पुलिस ने अभिनेता सलमान खान को हाल में यहां उनके कार्यालय में धमकी भरा ईमेल भेजने के सिलसिले में राजस्थान से एक व्यक्ति को पकड़ा है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान के रहने वाले व्यक्ति को बांद्रा थाने की टीम ने पकड़ा और उसे मुंबई लाया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि आरोपी धाकड़ राम बिश्नोई (21) जोधपुर के लूणी थाना क्षेत्र के रोहिचा कलां गांव का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि वह शस्त्र अधिनियम के एक मामले में जमानत पर है।

जोधपुर पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि मारे गए पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता को इसी तरह का धमकी भरा ईमेल भेजने के लिए 24 मार्च को बिश्नोई के खिलाफ पंजाब के मानसा में मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि रविवार को बिश्नोई को गिरफ्तार करने के लिए पंजाब पुलिस की एक टीम भी जोधपुर पहुंची थी। धमकी भरे ई-मेल के बारे में हाल में बांद्रा थाने में प्रशांत गुंजालकर द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी।

पुलिस के अनुसार, गुंजालकर अक्सर सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास पर जाते हैं और फिल्म क्षेत्र से जुड़ी एक कंपनी चलाते हैं। पुलिस ने कहा था कि जब गुंजालकर हाल में गैलेक्सी अपार्टमेंट में खान के कार्यालय में मौजूद थे, तो उन्होंने देखा कि ‘रोहित गर्ग’ नामक आईडी से एक ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल भेजने वाले ने हिंदी में लिखा, ‘‘गोल्डी भाई (गैंगस्टर गोल्डी बराड़) मामले को बंद करने के लिए सलमान खान से आमने-सामने बात करना चाहते थे। अगली बार, झटका देखने को मिलेगा।’’

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मामले की विस्तृत तकनीकी जांच के बाद, पुलिस को आरोपी व्यक्ति के ठिकाने के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद एक टीम राजस्थान भेजी गई और उस व्यक्ति को पकड़ लिया गया।’’ उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम अभिनेता को धमकी देने के संबंध में आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक, धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

प्रमुख खबरें

Hyderabad Liberation Day पर मुख्य अतिथि होंगे उपराष्ट्रपति C P Radhakrishnan, केंद्र करेगा आयोजन

Ovarian Cyst के लक्षण और कारण, ज्यादातर मामलों में बिना Surgery संभव है इलाज

Love Horoscope For 15 September 2026 | आज का प्रेम राशिफल 15 सितंबर 2026 | प्रेमियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन

Bigg Boss 20 में घमासान: किचन के काम और खाने को लेकर भिड़ीं Amrapali Dubey और Mahhi Vij, रोते हुए बाहर निकलीं माही