त्रिपुरा में अमित शाह ने कहा- राजनीतिक हिंसा पर लगाया ब्रेक, 33% सरकारी नौकरियां महिलाओं के लिए आरक्षित

By अंकित सिंह | Mar 08, 2022

त्रिपुरा में बिप्लब देब सरकार के 4 साल पूरे होने पर आज अमित शाह अगरतला पहुंचे थे जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह ने बिप्लब देब सरकार की तारीफ की। अमित शाह ने कहा कि हमारे देश की आजादी को आजाद हुए 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। साथ ही खूबसूरत त्रिपुरा को भी बने हुए 50 साल पूरे हो गए हैं। 25 साल तक कम्युनिस्टों ने त्रिपुरा में राज किया था। 2015 में जब मैं यहां आया था, हर कोई यहां त्राहिमाम कर रहा था। उन्होंने कहा कि 25 साल तक कम्युनिस्टों ने यहां गरीबों के नाम पर राज किया। लेकिन गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा और अन्य दलों के 39 से ज्यादा कार्यकर्ताओं की हत्या की गई। अमित शाह ने कहा कि उस समय भाजपा ने तय किया था कि हम त्रिपुरा में एक आंदोलन खड़ा करेंगे। मुझे आज भी याद है जब पहली बार मैंने इंटीरियर त्रिपुरा में पहली बार चलो पलटाई का नारा दिया तो, लोगों में जो उत्साह दिखा उससे ही हमें पता चल गया था कि यहां परिवर्तन होने वाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के 4 साल बनने के बाद मैं देख रहा हूं कि जो त्रिपुरा पहले ड्रग्स और नशे के कारोबार से त्रस्त था, वो त्रिपुरा आज आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। त्रिपुरा के हर गरीब के घर में बिजली पहुंचाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। शाह ने कहा कि त्रिपुरा में 33 फीसदी सरकारी नौकरियां महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में भाजपा-आईपीएफटी सरकार ने राजनीतिक हिंसा पर पूर्ण विराम लगा दिया। 

 

इसे भी पढ़ें: Prabhasakshi Newsroon । किसका बजेगा बाजा, कौन बनेगा राजा, जानें क्या कहते हैं Exit Polls


अमित शाह ने कहा कि अगरतला को रेल के जरिए देश के बाकी हिस्सों से जोड़ा गया, त्रिपुरा में 542 किलोमीटर लंबा राष्ट्रीय राजमार्ग बनाया गया। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में भाजपा-आईपीएफटी शासन में किसानों की आय दोगुनी हुई। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि हम पिछले चुनावी घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेंगे, त्रिपुरा में वोट मांगने के लिए लौटेंगे। हमारी सरकार ने त्रिपुरा में रोड और रेलवे से जुड़ी दर्जनों योजनाओं को पूरा किया है। त्रिपुरा की सरकारी नौकरियों में अब 33 प्रतिशत आरक्षण माताओं-बहनों को मिलने वाला है। त्रिपुरा के युवाओं के लिए नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी के परिसर की आधारशिला हम यहां रखने वाले हैं।

 

इसे भी पढ़ें: चुनावी राज्यों में चुनाव आयोग ने किया बेहतरीन काम, 2021 वाली गलती नहीं दोहराई


शाह ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है, महिलाओं के सशक्तिकरण का अभियान यहां शुरू होने वाला है। कुछ समय बाद ही आनंदपुर में सरकारी कार्यक्रम में मैं मुख्यमंत्री के महिला सशक्तिकरण अभियान का शुभारंभ करूंगा। उन्होंने कहा कि पहले यहां उग्रवाद, घुसपैठ, बंद, तनाव, भ्रष्टाचार की चर्चा होती थी। आज पूरे नॉर्थ ईस्ट को मोदी जी ने अष्ट लक्ष्मी का स्वरूप देकर विकास, कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्पोर्ट्स, इंवेस्टमेंट और जैविक खेती का बड़ा हब बनाने का काम किया है। शाह ने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि इन 4 साल में हमने त्रिपुरा को संभालने का काम किया है। अगले साल जब 5 साल हो जाएंगे तो उसके बाद एक मौका और दे दीजिए, हम त्रिपुरा को देश में नंबर एक राज्य बनाएंगे।

प्रमुख खबरें

केमिकल ट्रीटमेंट से खराब हुए बाल? तो हफ्ते में एक बार ये जादुई हेयर मास्क ट्राई करें, घर बैठे पाएं सिल्की-शाइनी बाल!

करोड़ों के अय्यर को बेंच पर बैठाएगी RCB? कुंबले बोले - जीतने वाली टीम से छेड़छाड़ क्यों करें

सर्दी की सुबह को बनाएं लाजवाब: मूली-चावल की पूड़ी का अनोखा स्वाद, जानें आसान रेसिपी

धीरेन्द्र शास्त्री का चेतावनी: खतरे में बांग्लादेश में हिंदुओं की पहचान, तुरंत एक्शन ले भारत