By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026
डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया जिससे न्यूजीलैंड ने पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के पांचवें और अंतिम दिन सोमवार को यहां चाय के विश्राम तक अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट पर 206 रन बनाकर मैच ड्रॉ होने की संभावना बढ़ा दी। भारत को जीत के लिए पांच विकेट की दरकार है जबकि न्यूजीलैंड उससे अभी 146 रन पीछे है। अभी 39 ओवर का खेल होना बाकी है।
भारत ने न्यूजीलैंड के 368 रन के जवाब में अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 720 रन पर समाप्त घोषित करके 352 रन की बढ़त हासिल की थी।मिचेल (107 गेंदों पर नाबाद 24 रन) ने पहली पारी में शतक लगाने वाले फिलिप्स (60 गेंदों पर नाबाद 19 रन) के साथ मिलकर अपने रक्षात्मक खेल का अच्छा नमूना पेश किया। उन्होंने अभी तक 19 ओवरों में 29 रन जोड़े हैं। अंतिम दिन चार घंटे में खेले गए 51 ओवरों में न्यूजीलैंड केवल 87 रन ही बना सका, लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि उसके बल्लेबाजों को ऐसी पिच पर अपने विकेटों का बचाव करने में कोई खास मुश्किल नहीं हुई, जिसमें न तो गति है और ना ही उछाल।
न्यूजीलैंड ने दूसरे सत्र में टॉम ब्लंडेल (54 गेंदों पर 15 रन) के रूप में एकमात्र विकेट गंवाया, जिन्होंने अंशुल कंबोज की गेंद पर ऋषभ पंत को कैच दिया। इससे पहले ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर और तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने सुबह के सत्र में न्यूजीलैंड के दो विकेट लेकर भारत की जीत की उम्मीद जगाई। न्यूजीलैंड ने सुबह दो विकेट पर 119 रन से आगे खेलना शुरू किया।
उसने पहले सत्र में पिछले दिन के अविजित बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (165 गेंदों पर 65 रन) और रचिन रविंद्र (129 गेंदों पर 37 रन) के विकेट गंवाए। बादल छाए हुए थे और बेसिन रिजर्व के दक्षिणी छोर से हवा चल रही थी, जिससे वाशिंगटन को कुछ मदद मिली, जबकि प्रसिद्ध ने दूसरी पारी में काफी बेहतर प्रदर्शन किया। न्यूजीलैंड दिन की शुरुआत में भारत से 233 रन पीछे था और पिच अब भी बल्लेबाजी के लिए अनुकूल थी।
लेकिन रविवार शाम को भारतीय बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने जो कहा था, वह सच साबित हुआ। मैच के पांचवें दिन पिच की स्थिति से कहीं अधिक मौसम और हवा का रुख ही ज्यादा मायने रख रहा था। कॉनवे और रविंद्र ने जसप्रीत बुमराह और कंबोज का अच्छी तरह से सामना किया और तीसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े।
हवा के विपरीत दिशा में गेंदबाजी करते हुए वाशिंगटन पहली बार प्रभावी नजर आए। उन्होंने कॉनवे को आगे बढ़कर खेलने के लिए मजबूर किया, लेकिन गेंद ने उम्मीद से थोड़ा अधिक उछाल लिया जो उनके बल्ले और पैड से लगकर पंत के दस्तानों में चली गई जिन्होंने आगे डाइव लगाकर शानदार कैच लिया। पहली पारी में खराब लेंथ के कारण आलोचना झेलने वाले प्रसिद्ध ने दूसरी पारी में अच्छी लेंथ से गेंदबाजी की।
उनकी चौथे स्टंप की लाइन पर की गई एक गेंद रविंद्र के बल्ले का किनारा लेकर दूसरी स्लिप में खड़े केएल राहुल के सुरक्षित हाथों में चली गई।