By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 30, 2026
देवदत्त पडिक्कल की शानदार फॉर्म और अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की वापसी से भारत ए को मजबूती मिली है और वह शनिवार से यहां शुरू होने वाले दूसरे अनौपचारिक चार दिवसीय टेस्ट में न्यूजीलैंड ए को हराने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए भारतीय खिलाड़ियों को चार दिवसीय मैच से तैयार होने में मदद मिलेगी। पडिक्कल निस्संदेह अब तक भारत ए के लिए सबसे सकारात्मक पहलू रहे हैं, जिन्होंने पहले मैच में शतक बनाकर टीम को वापसी दिलाई थी।
यश राठौड़ ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 44 और 66 रन बनाए, लेकिन भारत के लिए सलामी बल्लेबाजों का प्रदर्शन चिंता का विषय बना हुआ है। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उन्होंने 17 और पांच रन बनाए। केएल राहुल ने भी निराश किया।
उन्होंने एक पारी में चार रन बनाए जबकि अन्य पारी में खाता भी नहीं खोल सके। राहुल अब वनडे टीम से जुड़ेंगे और दूसरा मैच नहीं खेलेंगे। राहुल की जगह टीम में शामिल किए गए झारखंड के 21 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर मोहन को रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद भारत ए की टीम में शामिल किया गया है और वह मौका मिलने पर अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेंगे।
साई सुदर्शन ने पहली पारी में शून्य पर आउट होने के बाद दूसरी पारी में 91 रन बनाकर शानदार वापसी की, वहीं कप्तान ध्रुव जुरेल का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उन्होंने एक और दो रन बनाए। ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर ने दूसरी पारी में अर्धशतक बनाया। गेंदबाजों में औकिब नबी ने छह विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है।
उन्होंने प्रत्येक पारी में तीन-तीन विकेट लिए हैं। नबी और अंशुल कंबोज ने पहली पारी में तीन-तीन विकेट लिए। भारत की टेस्ट टीम के सदस्य आकाश दीप ने भी तीन विकेट हासिल किए।
भारतीय टीम पहले मैच में जीत के करीब थी लेकिन खराब रोशनी के कारण मैच तब समाप्त कर दिया गया था जब भारत को जीत के लिए केवल एक विकेट लेने की जरूरत थी। सिराज के शामिल होने से तेज गेंदबाजी आक्रमण को और मजबूती मिलेगी क्योंकि वह आगामी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप श्रृंखला में जसप्रीत बुमराह के साथ नई गेंद संभालने के लिए पूरी तरह से तैयार होने की कोशिश करेंगे। बुमराह और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के लिंकन में होने वाले तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में खेलने की संभावना है, जिसमें नितीश कुमार रेड्डी की भी वापसी होगी।
जहां तक न्यूजीलैंड की टीम का सवाल है तो उसने पहले दो दिन तक दबदबा बनाया लेकिन अपनी लय बरकरार नहीं रख सका। उसकी टीम अब अपने खेल में निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध होगी। टीम इस प्रकार हैं: भारत ए: यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, यश राठौड़, आर स्मरण, ध्रुव जुरेल (कप्तान, विकेटकीपर) (डब्ल्यूके), वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, शिखर मोहन, मुकेश चौधरी, मुकेश कुमार, मानव सुथार, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर)।
न्यूजीलैंड ए: रीस मारियू (कप्तान), मैट बॉयल, मैक्स चू, क्रिस्टियन क्लार्क, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, ज़ैक गिब्सन, मिच हे (विकेटकीपर), कर्टिस हीफी, साइमन कीन, जेडन लेनोक्स, जारोड मैके, टिम रॉबिन्सन, फ्रेजर शीट।