By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 27, 2025
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि इनका इंडिया गठबंधन केवल अवसरवाद और सत्ता की लालसा पर आधारित है।
ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन प्रचंड मतों से विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास भाजपा और राजग के साथ है और यही भारतीय लोकतंत्र की सच्ची ताकत है।
पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का बयान अंतर्विरोधों से भरा हुआ है, उन्हें कांग्रेस के काले इतिहास का अध्ययन करना चाहिए। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ यही कांग्रेस है जिसने देश पर आपातकाल थोपकर पूरे भारत को कैदखाने में बदल दिया था। यही नहीं, कांग्रेस ने अलग-अलग समय पर जनता द्वारा चुनी गई 90 राज्य सरकारों को बर्खास्त कर लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया है। यह भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय है, जिसे देश कभी भूल नहीं सकता।’’
पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी को आत्मावलोकन की आवश्यकता है। प्रदेश की सत्ता में जब-जब सपा रही, गुंडे और माफिया सत्ता के आशीर्वाद से पनपे। उन्होंने कहा कि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) की 11 सीटों पर दोनों दलों का अलग-अलग चुनाव लड़ना ही इंडिया गठबंधन की असलियत को उजागर करता है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन के लोग केवल कुर्सी के लिए लड़ रहे हैं। कांग्रेस और सपा दोनों दल जनता को छलने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर वे गठबंधन की बाते करते हैं और दूसरी ओर एमएलसी की 11 सीटों पर अलग-अलग मैदान में उतरते हैं। इससे साफ हो जाता है कि इंडिया गठबंधन केवल दिखावा है।