By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 02, 2022
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आस्ट्रेलिया के साथ संपन्न आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौते को मौजूदा कारोबारी संभावनाओं के पूर्ण उपयोग में मददगार होने की उम्मीद जताते हुए शनिवार को कहा कि इससे दोनों देशों के बीच छात्रों, पेशेवरों एवं पर्यटकों का आदान-प्रदान भी सुगम होगा। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और ऑस्ट्रेलिया के व्यापार, पर्यटन एवं निवेश मंत्री डैन टेहन ने एक ऑनलाइन समारोह में भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौते पर दस्तखत किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन भी मौजूद थे।
मॉरिसन ने कहा कि यह समझौता भारत आने के इच्छुक घरेलू विनिर्माताओं और सेवा प्रदाताओं के लिए कारोबारी विविधता के अनगिनत अवसर पैदा करेंगे जिनका मूल्य प्रतिवर्ष 14.8 अरब डॉलर होगा। उन्होंने कहा,‘‘इस समझौते से ऑस्ट्रेलिया के किसानों, विनिर्माताओं, उत्पादकों और कई अन्य लोगों के लिए दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के लिए दरवाजे खुल जाएंगे।’’ मॉरिसन ने कहा कि भारत के करीब 1.4 अरब उपभोक्ताओं के बाजार का रास्ता खोलकर ‘‘हम अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं और अपने देश में रोजगार बढ़ा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस समझौते का आधार हमारी मजबूत सुरक्षा साझेदारी और क्वाड गठबंधन में हमारे संयुक्त प्रयास हैं।