रोहित-विराट फिर हुए फेल, फिर भी भारत ने न्यूजीलैंड से छीन ली जीत, 5th ODI में किसने पलटी बाजी?

By एकता | Nov 15, 2026

पांचवें और आखिरी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 22 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 42.1 ओवर में 209 रन पर सिमट गई थी, लेकिन गेंदबाजों के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को 48.1 ओवर में 187 रन पर ढेर कर दिया।

गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद विदेशी धरती पर पहली वनडे सीरीज जीत

भारत ने इस सीरीज के पहले दोनों मैच जीते थे, जबकि तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था और चौथे मैच में न्यूजीलैंड को जीत मिली थी। अब आखिरी मैच जीतकर भारत ने सीरीज पर कब्जा कर लिया है। खास बात यह है कि गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद यह विदेशी धरती पर भारत की पहली वनडे सीरीज जीत है।

अर्शदीप और सिराज ने न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर को झकझोरा

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम को भारतीय गेंदबाजों ने शुरू से ही दबाव में रखा। इस दौरे पर अपना पहला मैच खेल रहे मोहम्मद सिराज ने टिम सीफर्ट (14) को मिड ऑन पर कैच करवाकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद विल यंग (22) और निक केली (24) ने अगले 11 ओवर तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया और 38 रन जोड़े। हालांकि, अर्शदीप ने यंग को रुतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच करवाया और फिर केली को बोल्ड कर दिया। उधर सिराज ने फिन एलन (01) का ऑफ स्टंप उखाड़ दिया, जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 64 रन से चार विकेट पर 83 रन हो गया। इस बीच विराट कोहली ने दूसरी स्लिप में डीन फॉक्सक्रॉफ्ट का कैच जरूर छोड़ा, वरना न्यूजीलैंड की हालत और खराब हो सकती थी।

तेज गेंदबाजों पर श्रेयस का भरोसा आया काम

कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपने तेज गेंदबाजों पर भरोसा जताया और इसके अच्छे नतीजे भी मिले। जब फॉक्सक्रॉफ्ट (31) और माइकल ब्रेसवेल (19) ने पांचवें विकेट के लिए 36 रन जोड़कर साझेदारी बनानी शुरू की, तो लगातार दो गेंदों पर दोनों आउट हो गए। औकिब नबी ने ब्रेसवेल को शॉर्ट पिच गेंद पर आउट किया, जबकि अपना पहला वनडे खेल रहे यश ठाकुर ने फॉक्सक्रॉफ्ट को बोल्ड करके अपने करियर का पहला विकेट हासिल किया।

भारत ने इस मैच में 36वें ओवर में पहली बार स्पिनर को गेंद सौंपी। वनडे क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है जब भारत ने 35 ओवर पूरे होने के बाद किसी स्पिनर से गेंदबाजी कराई। नमन धीर ने आक्रामक खेल रहे न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर (24) को आउट कर बड़ी सफलता दिलाई, जबकि अक्षर पटेल ने आखिरी दो विकेट लेकर भारत की जीत पक्की कर दी। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 30 रन देकर तीन, मोहम्मद सिराज ने 50 रन देकर दो और अक्षर पटेल ने 28 रन देकर दो विकेट लिए।

रोहित और विराट फिर हुए फेल, 34 रन पर गिरे तीन विकेट

इससे पहले दो दिन पूर्व इसी मैदान पर चौथे वनडे में 89 रन पर सिमटने वाली भारतीय टीम से बेहतर बल्लेबाजी की उम्मीद थी, लेकिन एक बार फिर टॉप ऑर्डर पूरी तरह फेल रहा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। रोहित शर्मा सिर्फ सात रन बनाकर मैथ्यू फिशर की गेंद पर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को कैच दे बैठे।

इसके तुरंत बाद विराट कोहली (05) भी फिशर की बाहर जाती गेंद पर विकेटकीपर टिम सीफर्ट को कैच थमा बैठे। रुतुराज गायकवाड़ (18) भी जैकब डफी की गेंद पर विकेटकीपर को कैच देकर चलते बने और भारत का स्कोर तीन विकेट पर 34 रन हो गया। अगर कवर पर खड़े फॉक्सक्रॉफ्ट ने डफी की गेंद पर अक्षर पटेल का कैच नहीं छोड़ा होता, तो भारत 34 रन पर चार विकेट गंवा चुका होता।

अक्षर और ईशान की पारियों से 200 के पार पहुंचा भारत

मुश्किल हालात में कप्तान श्रेयस अय्यर (22) और अक्षर पटेल (46) ने चौथे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। लेकिन ब्लेयर टिकनर ने एक बार फिर शॉर्ट पिच गेंद पर श्रेयस को आउट कर दिया। इसके बाद माइकल ब्रेसवेल ने अक्षर को भी अर्धशतक पूरा करने से पहले ही विल यंग के हाथों कैच करवा दिया।

बाद में ईशान किशन (46) और नमन धीर (22) ने छठे विकेट के लिए 39 रन जोड़कर पारी को आगे बढ़ाया। किशन ने डफी के एक ही ओवर में दो छक्के भी लगाए, लेकिन न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर (47 रन देकर तीन विकेट) ने धीर को आउट कर इस जोड़ी को तोड़ा। किशन भी तेजी से रन बनाने के चक्कर में डफी की गेंद पर आउट हो गए। आखिर में अर्शदीप (14) और सिराज (नाबाद 14) ने कुछ बड़े शॉट लगाकर भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।

प्रमुख खबरें

Lalit Modi बने ब्रिटिश नागरिक, सोशल मीडिया पर खुद दी जानकारी

National Highways पर Toll Collection में 16% की बढ़ोतरी, अक्टूबर में टूटा रिकॉर्ड

NITI Aayog शुरू करेगा राष्ट्रीय कार्यशालाएं, PM Modi के 25 साल के शासन मॉडल का होगा अध्ययन

Ladakh में Amrit Sarovar योजना के तहत बनेंगे 97 नए जलाशय, उपराज्यपाल ने दी हरी झंडी