Lalit Modi बने ब्रिटिश नागरिक, सोशल मीडिया पर खुद दी जानकारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026

(अदिति खन्ना) लंदन, 15 नवंबर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के संस्थापक ललित मोदी ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि उन्होंने हाल में ब्रिटेन की नागरिकता हासिल कर ली है। वह पिछले ‘‘कई वर्षों’’ से ब्रिटेन में रह रहे हैं और इस देश को अपना घर बताते रहे हैं। लंदन में सितंबर में टाउन हॉल में नागरिकता लेने संबंधी समारोह की तस्वीरों के साथ अपनी पोस्ट में ललित मोदी ने शनिवार को कहा कि उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनियन में अपने संबोधन के दौरान इस ‘‘बेहद खास और निजी उपलब्धि’’ को सार्वजनिक रूप से साझा करने का फैसला किया।

ललित मोदी मई 2010 में भारत छोड़कर चले गए थे। उस समय भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच उन्हें निलंबित कर दिया था। धनशोधन के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन का जवाब नहीं देने पर 2015 में एक विशेष अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

इस साल जुलाई में एक अपीलीय न्यायाधिकरण ने दक्षिण अफ्रीका में आईपीएल के 2009 के संस्करण से जुड़े एक अलग विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) मामले में उन पर लगाया गया जुर्माना रद्द कर दिया था। ललित मोदी ने खुद को ‘‘भगोड़ा’’ बताए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका तर्क है कि उन्हें किसी भी आपराधिक मामले में दोषी नहीं ठहराया गया है।

उन्होंने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे ब्रिटिश नागरिक होने पर गर्व है। पंद्रह सितंबर, 2026 को परिवार और दोस्तों के बीच मैंने एक समारोह में ब्रिटेन की नागरिकता हासिल करने का जश्न मनाया। यह समारोह हमेशा मेरे दिल में एक खास जगह रखेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ब्रिटेन कई वर्षों से मेरा घर रहा है।

यह ऐसा देश है जिसके लोगों, संस्थानों, परंपराओं और मूल्यों के प्रति मेरे मन में गहरा सम्मान है।’’ ललित मोदी ने कहा, ‘‘मेरे जीवन का सफर विभिन्न संस्कृतियों और अनुभवों से आकार लेता रहा है और मैं उस देश में सकारात्मक योगदान जारी रखने के लिए उत्सुक हूं, जिसे मैं गर्व से अपना घर कहता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस सफर का हिस्सा रहे अपने परिवार, दोस्तों और सभी लोगों का धन्यवाद। इस खबर को साझा करने का यादगार अवसर देने के लिए ऑक्सफोर्ड यूनियन का भी आभार। एक नया अध्याय, जिसमें आगे देखने के लिए बहुत कुछ है।’’

प्रमुख खबरें

रोहित-विराट फिर हुए फेल, फिर भी भारत ने न्यूजीलैंड से छीन ली जीत, 5th ODI में किसने पलटी बाजी?

National Highways पर Toll Collection में 16% की बढ़ोतरी, अक्टूबर में टूटा रिकॉर्ड

NITI Aayog शुरू करेगा राष्ट्रीय कार्यशालाएं, PM Modi के 25 साल के शासन मॉडल का होगा अध्ययन

Ladakh में Amrit Sarovar योजना के तहत बनेंगे 97 नए जलाशय, उपराज्यपाल ने दी हरी झंडी