Shivraj Singh Chouhan ने मलेशिया, म्यांमा और तिमोर-लेस्त के साथ कृषि साझेदारी पर की वार्ता

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 10, 2026

भारत ने कृषि क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए मलेशिया, तिमोर-लेस्त और म्यांमा के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बातचीत की। आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को यहां नौवीं आसियान-भारत कृषि एवं वानिकी मंत्रिस्तरीय बैठक (एआईएमएमएएफ) से इतर तीनों देशों के अपने समकक्षों से मुलाकात की।

बयान के अनुसार, तिमोर-लेस्त के कृषि, पशुधन, मत्स्य पालन एवं वानिकी मंत्री मार्कोस दा क्रूज ने बैठक में कृषि संबंधी चुनौतियों से निपटने और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत के साथ मजबूत संस्थागत व्यवस्था बनाने का आग्रह किया। इसमें कहा गया कि चौहान ने वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों के आदान-प्रदान और मानव संसाधन विकास के जरिये तिमोर-लेस्त की मदद करने के लिए भारत की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियां साझा करने की प्रतिबद्धता दोहराई। दा क्रूज ने कृषि, वानिकी, पशुधन और जलीय कृषि क्षेत्र की जमीनी स्तर की चुनौतियों का आकलन करने के लिए भारतीय तकनीकी एवं वैज्ञानिक विशेषज्ञों का एक दल भेजने का भी अनुरोध किया।

बयान के अनुसार, म्यांमा के कृषि, पशुधन एवं सिंचाई मामलों के केंद्रीय मंत्री मिन नौंग के साथ बैठक में चौहान ने कहा कि दोनों देशों के बीच करीब 1,600 किलोमीटर लंबी सीमा के अलावा करीबी सांस्कृतिक संबंध भी हैं। दोनों पक्षों ने कहा कि कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने के लिए दोनों देशों के बीच सहमति ज्ञापन (एमओयू) को अंतिम रूप देने का काम काफी आगे बढ़ चुका है। उन्होंने दालों, कपास, डेयरी और कृषि शिक्षा के क्षेत्र में व्यापार बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

बयान के अनुसार, म्यांमा की ओर से आर्थिक और कृषि संबंधों को मजबूत करने के लिए अनुकूल निवेश अवसरों का सुझाव दिया गया। बैठकों के दौरान डीएआरई के सचिव एवं आईसीएआर के महानिदेशक एम. एल. जाट, डीएआरई के अतिरिक्त सचिव एवं आईसीएआर के उप महानिदेशक ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी, अंतरराष्ट्रीय सहयोग के संयुक्त सचिव ए के साहू, आईसीएआर के सभी उप महानिदेशक और नवीन पी. सिंह के नेतृत्व वाला अंतरराष्ट्रीय संबंध दल भी मौजूद था।

प्रमुख खबरें

CM Chandrababu Naidu का अधिकारियों को कड़ा संदेश, समीक्षा नहीं, Proactive Governance से आएगा Swarna Andhra

AI इंसानों को भी खत्म कर देगा, 2030 तक ला देगा दुनिया में कैसी तबाही! किसने बजा दी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाले महाखतरे की घंटी?

‘श्रीमद्भागवतम पार्ट 1: विष्णुरात’ का पोस्टर रिलीज़, सिनेमाघरों में भक्ति और भव्यता का संगम लेकर आ रहे है सागर पिक्चर्स

Nepal Flood में मृतकों की संख्या 1377 पहुंची, 5000 से अधिक लापता