INDIA bloc की रामलीला मैदान में रैली: सुरक्षा में 3,500 पुलिसकर्मी तैनात होंगे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 29, 2026

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली के लिए बृहस्पतिवार को तैयारियां तेज कर दी गईं। विपक्षी गठबंधन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर यह रैली आयोजित करने का निर्णय किया है। रामलीला मैदान में विपक्षी नेताओं के लिए मुख्य मंच के ऊपर तिरंगे के रंग वाला बड़ा तंबू लगाया जा रहा है।

कांग्रेस ने दावा किया है कि इसमें करीब 10 लाख लोग शामिल होंगे। वहीं, दिल्ली पुलिस के अनुसार, लगभग 50,000 लोगों के जुटने की संभावना है और सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए करीब 3,500 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। कांग्रेस विभिन्न राज्यों से कार्यकर्ताओं को जुटाने की तैयारी कर रही है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोगों, विद्यार्थियों और नागरिक समाज संगठनों से रैली में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का आंदोलन बताया है। पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम की निगरानी के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, शरीर पर लगाए जाने वाले कैमरे और निगरानी उपकरणों से लैस वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा।

भीड़ प्रबंधन के लिए मैदान को 14 जोन में बांटा गया है और रिजर्व बलों की 10 कंपनियां तैनात की जाएंगी। भारतीय युवा कांग्रेस ने कहा कि कुछ प्रतिभागी सफेद कपड़े पहनकर भूतों का रूप धारण करेंगे। यह उन मतदाताओं का प्रतीक होगा, जिन्हें कथित तौर पर मृत घोषित कर दिया गया है या जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।

संगठन के अनुसार, कुछ प्रतिभागी ‘‘बैटमैन’’ के मुखौटे भी पहनेंगे। कांग्रेस नेता मनीष चतरथ को संबोधित 17 अक्टूबर के एक आधिकारिक पत्र के अनुसार, पार्टी को 25 अक्टूबर से तीन नवंबर तक रामलीला मैदान के इस्तेमाल की अनुमति दी गई है। हालांकि, यह अनुमति भूमि स्वामित्व रखने वाले प्राधिकरण की मंजूरी और निर्धारित शर्तों के पालन पर निर्भर है।

पुलिस ने आयोजकों को प्रमुख स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और फुटेज की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित करने को कहा है। आयोजकों को पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात करने, पेयजल और महिलाओं के लिए अलग शौचालयों की व्यवस्था करने तथा यातायात पुलिस के साथ वाहन पार्किंग का समन्वय करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आयोजकों से आमंत्रित लोगों, स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों को लाने वाली बसों का विवरण भी मांगा गया है।

कार्यक्रम स्थल पर रात में ठहरने की अनुमति नहीं होगी। आयोजकों को अनुशासन बनाए रखने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले भाषणों से बचने की भी चेतावनी दी गई है। एक नवंबर की रैली से पहले ‘इंडिया’ गठबंधन ने 30 अक्टूबर को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग’ जैसी कार्यवाही आयोजित करने की योजना बनाई है।

अन्य स्थानों पर अनुमति संबंधी अड़चनों के बाद विपक्षी नेताओं ने यह कार्यक्रम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के राजाजी मार्ग स्थित आवास पर आयोजित करने का फैसला किया। कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य दलों ने निर्वाचन आयोग पर चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को खतरे में डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ अपने अभियान में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को प्रमुख मुद्दा बनाया है।

प्रमुख खबरें

Sujit Kalakal World Championship क्वार्टर फाइनल हारे, टूटा 24 मैचों की जीत का सिलसिला

Dublin Airport पर Kumar Sangakkara के परिवार से Ryanair स्टाफ ने किया दुर्व्यवहार

भारतीय अर्थव्यवस्था 2026 में 1991 जैसे बड़े मोड़ पर पहुंच सकती है, CEA Nageswaran ने दी जानकारी

Cyclone Arnab: Odisha के गंजाम में बाढ़ पीड़ितों को निकालने में जुटा Coast Guard