कतर की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा करता है भारत: प्रधानमंत्री मोदी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 11, 2025

दोहा में हमास के नेताओं को निशाना बनाकर किए गए इजराइल के हवाई हमलों के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कतर की संप्रभुता के उल्लंघन की बुधवार को निंदा की। मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी से बात की और दोहा में हुए हमलों पर गहरी चिंता जतायी। भारत बंधुत्वपूर्ण देश कतर की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा करता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम मुद्दों के बातचीत और कूटनीति के माध्यम से समाधान तथा तनाव को बढ़ने से रोकने का समर्थन करते हैं। भारत क्षेत्र में शांति और स्थिरता के समर्थन में तथा सभी तरह के आतंकवाद के विरुद्ध दृढ़ता से खड़ा है।’’

हमले के बाद, हमास ने कहा कि इजराइली हवाई हमले में उसके पांच सदस्य मारे गए। हालांकि, उसने यह भी कहा कि उसके नेताओं की हत्या का इज़राइल का प्रयास विफल रहा। हमास ने कहा कि जब हमला हुआ, तब उसकी वार्ता टीम एक इमारत में गाजा पट्टी में युद्धविराम के लिए अमेरिका के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श कर रही थी।

भारत की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में कतर की भूमिका की सराहना की, जिसमें गाजा में युद्ध विराम और सभी बंधकों की रिहाई के लिए मध्यस्थता के प्रयास भी शामिल हैं।

बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने बातचीत और कूटनीति के जरिए सभी मुद्दों के समाधान और तनाव को बढ़ने से रोकने की जरूरत पर जोर दिया। बयान में कहा गया है, शेख तमीम ने कतर के लोगों और राज्य के साथ एकजुटता दिखाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया।

प्रमुख खबरें

World Boxing Cup Finals में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगी Minakshi Hooda और ज्योति गुलिया

केरलम में सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों का होगा आधुनिक कायाकल्प, मंत्री N Shamsuddeen ने दी जानकारी

95 साल पुराने विवाद में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा एक्शन, ट्रस्टी बोर्ड निलंबित- फैसले के तुरंत बाद पीएम मोदी ने किया भगवान मुरुगन का जयघोष!

Yami Gautam Birthday: IAS बनने की चाहत छोड़ Bollywood में चमकीं Yami Gautam, Aditya Dhar से रचाई शादी