New Zealand में T20 सीरीज 3-2 से जीतने पर बोले Gautam Gambhir, पूरे दौरे की लय तय हुई

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 02, 2026

 भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर का मानना है कि श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टी20 टीम ने न्यूजीलैंड के मौजूदा दौरे में वनडे और टेस्ट मैचों के लिए सही माहौल तैयार कर दिया है, क्योंकि अभ्यास का पर्याप्त मौका नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में श्रृंखला जीती। भारत ने न्यूजीलैंड को पांच मैच की टी20 श्रृंखला में 3-2 से हराया, जबकि उसकी टीम पहले मैच से कुछ दिन पहले ही यहां पहुंची थी।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें गंभीर ने कहा, ‘‘आप लोग आखिरी दो मैच भी जीतना चाहते थे, लेकिन कभी-कभी ऐसा हो जाता है। लेकिन मुझे लगता है कि आप लोगों ने दौरे के आगामी मैचों के लिए माहौल तैयार कर दिया है। श्रृंखला शुरू होने से पहले मैंने कहा था कि माहौल तैयार करने की जिम्मेदारी आप लोगों की है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब वनडे और टेस्ट खिलाड़ियों की जिम्मेदारी है कि वे वहीं से आगे बढ़ें जहां पर आप लोगों ने छोड़ा है।’’ 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच चार नवंबर से पांच मैचों की वनडे श्रृंखला खेली जाएगी जबकि दो मैच की टेस्ट श्रृंखला 19 नवंबर से शुरू होगी। गंभीर ने टी20 खिलाड़ियों से दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के लिए अपनी फिटनेस बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘यह सुनिश्चित करना होगा कि हम लगातार सुधार करते रहें। ऐसा करना सबसे महत्वपूर्ण है। 

हम जानते हैं कि हम पर्याप्त टी20 क्रिकेट नहीं खेलते हैं। अब हमें एक महीने का ब्रेक मिला है, इसलिए आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि आपकी फिटनेस बनी रहे और आप आगे के मैचों के लिए तैयार रहें।’’ गंभीर ने कहा, ‘‘हम एक टीम के रूप में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। हम एक टीम के रूप में सोच रहे हैं और एक टीम के रूप में खेल रहे हैं।’’

प्रमुख खबरें

Siang Dam प्रोजेक्ट के विरोध में बंद, Arunachal Pradesh के अपर सियांग में स्कूल और बाजार ठप

Rajnath Singh ने नए IAF Chief Ashutosh Dixit को दी बधाई, नेतृत्व क्षमता को सराहा

Kishtwar में जितेंद्र सिंह ने देश की 183वीं भूकंप वेधशाला शुरू की

Jairam Ramesh का BJP पर वार, Rahul Gandhi की अपील पर Delhi के बाजारों में बढ़ा व्यापार